गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरो चीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर उत्तर प्रदेश
“जल निगम की पाइप लाइन दो जगह टूटने से 400 घरों की जलापूर्ति ठप

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
शहर के दरियापुर वार्ड के दो अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को बिजली का खंभा लगाने में पानी की पाइपलाइनें टूट गईं। करीब 400 घरों की जलापूर्ति ठप हो गई। लोगों ने विद्युत निगम व नगर पालिका के अधिकारियों को जानकारी दी। कोई अफसर नहीं पहुंचा तो नाराज मोहल्लेवासी तहसील समाधान दिवस में पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या के निस्तारण का निर्देश दिया।
शहर के दरियापुर वार्ड में विद्युत निगम की ओर से नए खंभे लगाने व केबल बदलने का कार्य किया जा रहा है। दो दिन पहले ही दो स्थानों पर गड्ढे खोदे जाने से पाइप लाइन टूट गई थी। शुक्रवार रात सूरज टाकीज मोड़ के पास गड्ढा खोदने के समय अचानक एक पाइपलाइन और टूट गई। बताया जा रहा है कि यह मुख्य पाइप लाइन है।
शनिवार को वहां से कुछ दूरी पर स्थित शुक्लाना मोहल्ले में बिजली का खंभा लगाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। स्थानीय लोगों के मना करने के बाद भी ठेकेदार नहीं माना। खोदाई कर रही हाइड्रा मशीन से एक और पाइपलाइन टूट गई। दो स्थानों पर पाइप लाइन टूटने से 400 घरों की जलापूर्ति ठप हो गई है।
पूर्व सभासद राजदेव शुक्ल के नेतृत्व में राजेश रावत, विपिन रावत, जयदीप तिवारी, शुभम रावत, संजय कुमार, विक्रमादित्य, सियाराम पांडेय, मोहम्मद शमीम, बनारसी रावत, टीटू, सूरज, इबरार, विक्रम सिंह आदि ने तहसील समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों से समस्या के निराकरण की मांग की।
“विद्युत निगम के ठेकेदार की गलती”
दरियापुर क्षेत्र में विद्युत निगम का ठेकेदार गलत तरीके से गड्ढे खोद रहा है। पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। मौके पर टीम को पाइप लाइनों को ठीक करने के लिए भेजा गया है। विभागीय स्तर पर भी लिखापढ़ी की जा रही है।
-लाल चंद्र सरोज, अधिशासी अधिकारी
“नगर पालिका का सहयोग करेगी कंपनी”
एनसीसी कंपनी की ओेर से खंभा लगाते समय पानी की पाइपलाइन टूट गई। सूचना नगर पालिका को दी गई है। कंपनी को नगर पालिका का सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
– डीएन प्रसाद, अवर अभियंता, दरियापुर
“पाइपलाइन तोड़ने के साथ गायब हो रहे स्ट्रीट लाइट के तार”
पूर्व सभासद राजदेव शुक्ल का आरोप है कि एक माह से वार्ड में खंभे लगाने व तार बदलने का कार्य चल रहा है। ठेकेदार खंभे लगाने के दौरान तार बिछाने में नगर पालिका के स्ट्रीट लाइट के तार गायब कर दिया है। इससे वार्ड में पेयजल के साथ अंधेरे का संकट भी खड़ा हो गया है।
















Leave a Reply