“नव वर्ष में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा विंग में संचालित होगा टेली मेडिसिन सेंटर“

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सा विंग में टेली मेडिसिन सेंटर की स्थापना की जाएगी। इसके बाद जिले के स्वास्थ्य केंद्रों, आरोग्य मंदिरों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को जोड़ा जाएगा। यहां पर दो चिकित्सकों की तैनाती की जा चुकी है। सेंटर बनाने के लिए कक्ष की तलाश की जा रही है। उम्मीद है कि नए साल में हब संचालित हो जाएगा।
मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिल सकें, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों, आरोग्य मंदिरों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर पहुंचने वाले मरीजों को यहां तैनात चिकित्सक ऑनलाइन चिकित्सीय परामर्श देंगे। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सीधे सेंटर के विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क करेंगे। यहां पहले एमबीबीएस डिग्रीधारी चिकित्सक परामर्श देंगे। यहां के डॉक्टरों के अलावा आवश्यकता पड़ने पर टेली मेडिसिन सेंटर के माध्यम से बड़े अस्पतालों के चिकित्सकों से सलाह लेकर इलाज शुरू कराया जा सकेगा।

डॉ. जितेंद्र और डाॅ. सहबान की तैनाती टेली मेडिसिन सेवा देने के लिए सेंटर में दो डॉक्टरों की तैनाती की जा चुकी है। इसमें डॉ. जितेंद्र व डॉ. सहबान शामिल हैं। ये डॉक्टर टेली मेडिसिन के अलावा इमरजेंसी सेवा संभाल रहे हैं। इसके अलावा अभी चार अन्य डॉक्टरों की भी तैनाती होगी। इसमें हृदय, बाल, फिजीशियन, कार्डियोलॉजी, गाइनकोलाॅजी व पीडियाट्रिक के विशेषज्ञ चिकित्सक होंगे। विशेषज्ञ चिकित्सक दोपहर 12 से शाम चार बजे तक ड्यूटी करेंगे। एमबीबीएस चिकित्सक सुबह 10:00 से शाम 04:00 बजे तक मरीजों को ऑनलाइन परामर्श देंगे। दवा भी बताएंगे।
कक्ष की हो रही तलाश
टेली मेडिसिन सेंटर को संचालित करने की व्यवस्था मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकीय विंग में की जा रही है। कक्ष की तलाश हो रही है। इसके बाद यहां कंप्यूटर डेस्कटॉप, फर्नीचर, हेडफोन आदि की व्यवस्था की जाएगी। नए साल में हब की सुविधा जिलेवासियों को मिल जाएगी।
-डॉ. सुधीर कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय












Leave a Reply