जिला नागरिक अस्पताल पलवल में आंख व कान रोगों से ग्रस्त बच्चों के लिए लगाया जाएगा स्वास्थ्य शिविर
पलवल-18 सितंबर
कृष्ण कुमार छाबड़ा
जिला नागरिक अस्पताल पलवल में जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र के माध्यम से सिविल सर्जन डॉ जय भगवान जाटान के दिशा निर्देशन एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ रामेश्वरी के मार्गदर्शन में सरकारी स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए 21 सितंबर को नेत्र रोगों व 26 सितंबर को कर्ण रोगों से ग्रस्त बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा । शिविर में आरबीएसके की टीमों द्वारा भेजे गए बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर निःशुल्क चिकित्सा की जाएगी। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ रामेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चल रहा जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) सेंटर बच्चों को दिव्यांगता से भी निजात दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वार्षिक सत्र 2023-24 में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 6120 बच्चों का डीईआईसी के माध्यम से सफलतापूर्वक इलाज करवाया गया था। उन्होंने बताया कि शिविर में स्पीच एंड लैंग्वेज डिले (बोलने में परेशानी यानि देर से बोलना या तुतलाना) तथा बहरापन,कम सुनाई देना, कान बहने का इलाज किया जाएगा। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ रामेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य के कार्यक्रम के तहत आरबीएसके के चिकित्सकों द्वारा सरकारी स्कूलों में 6 से 18 वर्ष तथा आंगनबाड़ी केंद्रों जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य की जांच व स्क्रीनिंग करके डीईआईसी सेंटर पलवल में रेफर किया जाता है। डीईआईसी सेंटर से विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ व चिकित्सकों द्वारा जांच कर इलाज हेतु टर्सरी लेवल पर हायर सेंटरों में भेजा जाता है।

आंखों से संबंधित बीमारियों जैसे भेंगापन व रिफ्रैक्टिव एरर (देखने में कमी) नेत्र सर्जन द्वारा तथा कान से संबंधित बीमारियों की चिकित्सा ईएनटी सर्जन द्वारा की जाएगा। स्पीच एंड लैंग्वेज डिले यानि भाषा व ज्ञान बोध का विलंब से ग्रस्त बच्चों का स्पीच थेरेपी द्वारा इलाज किया जाएगा। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ रामेश्वरी ने जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूलों के अध्यापक, प्रिंसिपल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अभिवावकों को नेत्र व कर्ण रोगों से ग्रस्त बच्चों को आधार कार्ड व परिवार पहचान पत्र के साथ शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भेजने की अपील की।

















Leave a Reply