सत्यार्थ न्यूज वरिष्ठ पत्रकार हरिकृष्ण शुक्ल उन्नाव उत्तर प्रदेश

मौरावां में 25 करोड़ से बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, सांसद साक्षी महाराज की चेतावनी
मानक विहीन काम हुआ तो सूद समेत होगी वसूली’
उन्नाव (मौरावां):
पुरवा विधानसभा के मौरावां नगर पंचायत में शिक्षा की नई इबारत लिखने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के शिलान्यास और भूमि पूजन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उन्नाव सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज और पुरवा विधायक अनिल सिंह ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी।
शिक्षा के क्षेत्र में सौगात, गरीबों को मिलेगा सुनहरा अवसर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरवा विधायक अनिल सिंह ने कहा कि योगी सरकार का यह कंपोजिट विद्यालय गरीब तबके के बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक नारायण सेठ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अस्पताल और विद्यालय के लिए जमीन दान कर यह साबित कर दिया है कि वे जनहित के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती अध्यक्षों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कुछ लोग जमीनों पर अवैध कब्जे की फिराक में रहते थे, वहीं विवेक सेठ ने अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज को अस्पताल और शिक्षण संस्थान दिए हैं।
सांसद की दो टूक: भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
मंच से सांसद साक्षी महाराज ने कार्यदायी संस्था को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं और भाजपा सरकार इस भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देगी।” उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यदि विद्यालय के निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई, तो संबंधित जिम्मेदार से पाई-पाई का हिसाब सूद-ब्याज समेत वसूला जाएगा।
बैनर पर मचे बवाल के बाद शिक्षा विभाग को लगाई फटकार
सांसद साक्षी महाराज का गुस्सा उस समय देखने को मिला, जब उनकी नजर कार्यक्रम के बैनर पर पड़ी। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएसए को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 25 करोड़ की लागत वाले इतने बड़े प्रोजेक्ट के बैनर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो एआई (AI) से लगाई गई है। साथ ही, दानदाता कुंवर विवेक नारायण सेठ और क्षेत्रीय विधायक की फोटो नदारद देखकर सांसद ने कड़ा रुख अपनाया और भविष्य में ऐसी गलतियां न दोहराने की चेतावनी दी।
दानवीर कर्ण की तरह विवेक सेठ ने दान की 10 बीघा जमीन
मौरावां नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक नारायण सेठ ने समाज सेवा की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने न केवल अस्पताल के लिए 16 बीघा जमीन दान की, बल्कि अब कंपोजिट विद्यालय के लिए 10 बीघा बेशकीमती भूमि दान कर दी है। उनकी इस दरियादिली की तुलना लोग ‘दानवीर कर्ण’ और ‘दधीचि’ से कर रहे हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भूमि पूजन
रायबरेली से आए विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर सीडीओ, बीएसए समेत शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी, असोहा ब्लॉक प्रमुख आनंद गुप्ता, पुरवा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपांशु चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और देवी सरस्वती की झांकी के साथ हुई।
















Leave a Reply