*धूमधाम एवं जनसेवा के साथ मनाया गया खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का 38वां जन्मदिन*

कृष्ण कुमार छाबड़ा
पलवल, 3 जुलाई
हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम का 38वां जन्मदिन शुक्रवार को पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में उत्साह, हर्षोल्लास एवं जनसेवा की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर जन्मदिन का शुभारंभ किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, खिलाड़ी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, गौरव तेवतिया सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने खेल राज्य मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर, माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा के साथ जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच खेल राज्य मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी का इजहार किया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि गौरव गौतम के नेतृत्व में पलवल सहित पूरे प्रदेश में विकास और जनकल्याण की गति निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में पलवल जिला विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा युवाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उनके प्रयासों से जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे निरंतर ऊर्जा, स्वस्थ जीवन और समर्पित भाव से जनसेवा एवं प्रदेश के विकास के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहें।
जन्मदिन समारोह को जनसेवा से जोड़ते हुए स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर तथा एंबुलेंस सेवा का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर समाजसेवा में अपनी सहभागिता निभाई। इस जनहितकारी पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति सकारात्मक संदेश देने वाला प्रयास बताया।


















Leave a Reply