Advertisement

GPM में रेत माफिया पर कलेक्टर का चाबुक: चेक डैम खोलकर हो रहे अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर जब्त,

GPM में रेत माफिया पर कलेक्टर का चाबुक: चेक डैम खोलकर हो रहे अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर जब्त,

सूरज यादव,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में रेत के अवैध कारोबार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने मटियाडांड के चेक डैम के नीचे सोन नदी के मौहरी क्षेत्र से अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर लिया है। दरअसल, ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि मटियाडांड क्षेत्र में चेक डैम को खोलकर रात के अंधेरे में रेत की चोरी की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ संतोष देवांगन ने तत्काल खनिज विभाग को मौके पर जांच के आदेश दिए।

आदेश मिलते ही खनिज विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की और सोन नदी से रेत भरकर ले जा रहे तीनों ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ लिया। तीनों वाहनों को जब्त कर कोटमी पुलिस चौकी में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21(1), (5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार अर्थदंड और समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद ही वाहनों को मुक्त किया जाएगा। कलेक्टर डॉ संतोष देवांगन ने दो टूक कहा है कि जिले में खनिजों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई में जिला खनिज अधिकारी आदित्य मनकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक साहिब गनी की अहम भूमिका रही। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!