Advertisement

महुली में पुलिस चौकी निर्माण की मांग तेज, पंचायत भवन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

 

(दुद्धी/सोनभद्र रिपोर्ट – नितेश कुमार) विंढमगंज थाना क्षेत्र के दुद्धी-विंढमगंज मुख्य मार्ग के मध्य स्थित ग्राम पंचायत महुली में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल देखने को मिली। पंचायत भवन महुली में दोपहर लगभग 2 बजे आयोजित बैठक में ग्रामीणों, वार्ड सदस्यों, पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में महुली में स्थायी पुलिस चौकी निर्माण की मांग को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया।

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि महुली क्षेत्र दुद्धी और विंढमगंज के बीच का प्रमुख संपर्क केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद यहां पुलिस चौकी का अभाव लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना अथवा आपराधिक घटना के दौरान लोगों को तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल पाती, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यदि महुली में पुलिस चौकी की स्थापना होती है तो क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और लोगों में सुरक्षा तथा विश्वास की भावना और अधिक मजबूत होगी। साथ ही पुलिस प्रशासन को भी घटनास्थल तक त्वरित पहुंच बनाने और तत्काल कार्रवाई करने में सुविधा मिलेगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि प्रस्तावित पुलिस चौकी से न्याय पंचायत महुली अंतर्गत करहिया, बगरवा, डुमरा, डेवढ़ी, पोलवा, जातजुआ सहित आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इन गांवों के लोगों को छोटी-बड़ी घटनाओं, विवादों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

इस जनहितकारी पहल का नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की। लोगों ने कहा कि ग्राम प्रधान लगातार क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों एवं जनसुरक्षा के मुद्दों को गंभीरता से उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों से महुली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

बैठक में मौजूद पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुना और प्रस्ताव को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने शासन एवं प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए महुली में शीघ्र पुलिस चौकी निर्माण कराने की मांग की।

बैठक में प्रमुख रूप से बुद्धनाथ कन्नौजिया, विनोद कन्नौजिया, अमानुल्ला, ईश्वरी प्रसाद, दीपक कन्नौजिया, अमर विश्वकर्मा, सूरज कन्नौजिया, मनोज कन्नौजिया, सुरेंद्र भारती, शेकर अहमद, राजनाथ गोस्वामी, प्रदीप जायसवाल, अरुण गुप्ता, सुलेमान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!