Advertisement

तमंचे के दम पर बुजुर्ग का अपमान! “मुर्गा” बनाकर माफी मंगवाई,

तमंचे के दम पर बुजुर्ग का अपमान! “मुर्गा” बनाकर माफी मंगवाई,

पुलिस पर हल्की धाराओं में लीपापोती का आरोप

#पुवायां। शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के ग्राम नाहिल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक बुजुर्ग को कथित तौर पर दबंगों ने न केवल जबरन उठाया, बल्कि उन्हें सबके सामने “मुर्गा” बनाकर अपमानित किया और सिर पैरों में रखवाकर माफी मंगवाई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल अब पुलिस कार्रवाई पर उठ रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया, बल्कि मामले को हल्का कर दिया।


पीड़ित बुजुर्ग के भतीजे का कहना है कि आरोपियों ने तमंचा दिखाकर दुकान से उनके ताऊ को जबरन उठा लिया और गांव में ले जाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। परिवार का आरोप है कि यह केवल अपमान का मामला नहीं बल्कि दबंगई, धमकी और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर अपराध है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि अगर वीडियो न निकलता तो शायद मामला दबा दिया जाता।
उधर पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है और नामजद तीन आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।
लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि तमंचे की धमकी, जबरन उठाकर ले जाना और सार्वजनिक अपमान जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद क्या सिर्फ शांतिभंग में कार्रवाई पर्याप्त है?
अब पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है और चाहता है कि आरोपियों पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए, ताकि गांव में कानून का भय कायम हो सके

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!