(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट: नितेश कुमार)
सोनभद्र। जनपद के दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। यहां की प्रियंका कुमारी ने विवाह के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र पहुंचकर पढ़ाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई।
एमए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका की शादी 20 फरवरी को विंढमगंज क्षेत्र के पतिरिहा गांव निवासी शैलेश के साथ संपन्न हुई। विवाह की तिथि पहले से निर्धारित थी, लेकिन बाद में घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी की सुबह उनकी परीक्षा तय हो गई।
रातभर चली वैवाहिक रस्मों के बावजूद प्रियंका ने सुबह परीक्षा देने की इच्छा जताई। उनके इस निर्णय का उनके पति और परिवार ने पूरा समर्थन किया। पारंपरिक विदाई से पूर्व दूल्हा स्वयं अपनी नवविवाहिता को बी.आर.डी.पी.जी. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र लेकर पहुंचा।
दुल्हन ने लाल जोड़े में ही परीक्षा कक्ष में बैठकर उत्तर पुस्तिका लिखी। परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच यह दृश्य चर्चा का विषय बना रहा।
प्रियंका के इस कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यह घटना समाज में शिक्षा के महत्व और महिलाओं के सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देती है।


















Leave a Reply