Advertisement

अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान” अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान” अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

संवाददाता: धनंजय जोशी
जिला पांढुर्णा मध्य प्रदेश


पांढुर्णा। पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान” जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज सरस्वती शिशु मंदिर राजना में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी और ओटीपी साझा न करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने की समझाइश भी दी गई।


महिला सुरक्षा और महिला अधिकारों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्र-छात्राएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति के विषय पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया और नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनना आवश्यक है।
कार्यक्रम में लगभग 100 से 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!