Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की बैठक में सुनी जन शिकायतें

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की बैठक में सुनी जन शिकायतें

कृष्ण कुमार छाबड़ा
पलवल, 16 फरवरी

हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक के एजेंडा में शामिल 14 में से 9 शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे नागरिकों की हर एक समस्या को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवादों की सुनवाई कर रही थीं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रत्येक व्यक्ति की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए बैठक में रखी गई 14 शिकायतों में से 9 का मौके पर ही समाधान करवाया तथा शेष रही शिकायतों के समाधान को लेकर अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बैठक में गांव सीहा तहसील होडल के ग्रामीणों, राजकुमार निवासी सुल्तानपुर, मोनू माहोर, वेद प्रकाश निवासी मच्छीपुरा, बलदेव सिंह रावत निवासी पहाड़ी, गोविन्द सिंह निवासी पलवल, महेश कुमार निवासी औरंगाबाद, सरपंच ग्राम पंचायत मठेपुर, रजिया निवासी शेखपुरा, भोजराम निवासी कुशलीपुर, जितेन्द्र कुमार निवासी मानपुर, ग्राम पंचायत पैगलतू, संतोष वार्ड पार्षद वार्ड 10 हथीन व गजरी देवी निवासी मर्रोली की शिकायत की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रजिया निवासी शेखपुरा की पानी से संबंधित बिल की सुनवाई करते हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता और कार्यकारी अभियंता को कड़े निर्देश दिए कि हर छह महीने के अंतराल पर पानी के बिल व एसएमएस उपभोक्ताओं को भिजवाएं। उन्होंने गांव पहाड़ी निवासी बलदेव सिंह रावत की फसल खराबे का सही सर्वे न करवाए जाने वाली शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष इंक्वायरी करवाने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित शिकायतें स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के समक्ष प्रस्तुत की, जिनके उचित समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने एनआईसीयू से संबंधित शिकायत सुनते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पॉलिसी के अनुसार हर सिविल अस्पताल में एनआईसीयू होना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की कमी को पूरा करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बजट में भी स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने अवैध वाहनों द्वारा बस स्टैंड के बाहर अवैध तरीके से सवारियां ढोने से संबंधित शिकायत की सुनवाई करते हुए आरटीए सचिव को सख्त से सख्त कार्यवाही करने और अवैध वाहनों के चालान करने के कड़े निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पलवल जिला के गांव छांयसा में पीलिया और हेपेटाइटिस संक्रमण हुई मृत्यु से संबंधित पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि गांव छांयसा में पीलिया और हेपेटाइटिस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार और जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव कदम उठाए गए हैं।  जिला प्रशासन द्वारा गांव में लगातार स्वास्थ्य जांच की जा रही है और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। पानी की जांच करवाई गई है और गांव में क्लोरिन का छिडक़ाव करवाया गया है। उन्होंने कहा कि गांव े ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, स्वास्थ्य विभाग की टीमें 24 घंटे गांव में सक्रिय है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सुई हेपेटाइटिस फैलने का प्रमुख कारण है। एक बार इस्तेमाल होने वाली सिरिंज का दोबारा प्रयोग बिल्कुल न करें और इलाज केवल पंजीकृत डॉक्टर से ही करवाएं।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक सेवाओं का विस्तार कर रही है ताकि किसी भी नागरिक को उपचार के लिए भटकना न पड़े। साथ ही जनजागरूकता, स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त प्रदेश का निर्माण करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कोई निर्माण या कार्य पेंडिंग नहीं होना चाहिए। मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का बैठक में पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के मार्गदर्शन से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की जिला प्रशासन द्वारा पूरी दृढ़ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था व अन्य सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी जिसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एएसपी ममता खरब, भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, एसडीएम पलवल ज्योति, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन अप्रतिम सिंह, सीटीएम प्रीति रावत, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एमडी शुगर मिल द्विजा, डीएमसी मनीषा शर्मा, सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा समिति के सदस्य और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!