ग्राम गंभीरा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 4 लाख रुपए से होंगे विकास कार्य

सत्यार्थ न्यूज़- सवाई माधोपुर: जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, उत्तरदायित्व एवं जनभागीदारी को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। यह पहल अब केवल एक सरकारी योजना तक सीमित न रहकर समाज के व्यापक सहयोग से एक जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुकी है, जिसमें ग्रामीणजन स्वयं आगे बढ़कर अपने विद्यालयों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसी क्रम में सवाई माधोपुर ब्लॉक के ग्राम गंभीरा के ग्रामवासियों एवं विद्यालय स्टाफ ने सामूहिक रूप से 1 लाख 60 हजार रुपए की राशि एकत्रित कर ग्राम के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंभीरा के भौतिक विकास हेतु दान स्वरूप प्रदान की। यह योगदान ग्रामीण समाज की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश मीणा एवं ग्रामवासियों द्वारा इस सहयोग राशि का चेक जिला कलेक्टर काना राम को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा करवाने हेतु सुपुर्द किया गया।
इस अवसर पर एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जनसहयोग से प्राप्त राशि पर राज्य सरकार द्वारा 60 प्रतिशत तक अतिरिक्त अनुदान प्रदान किया जाता है जिससे राजकीय विद्यालयों के भौतिक विकास कार्यों को गति मिल रही है।
भविष्य की उड़ान नवाचार प्रभारी हेमराज मीना ने जानकारी दी कि ग्रामवासियों द्वारा दिए गए 1 लाख 60 हजार रुपए के सहयोग पर राज्य सरकार की ओर से 2 लाख 40 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी। इस प्रकार विद्यालय के विकास कार्यों हेतु कुल 4 लाख रुपए उपलब्ध होंगे।
प्राप्त राशि से विद्यालय में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कक्षा-कक्षों की मरम्मत एवं अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर विद्यालय विकास प्रबंधन समिति अध्यक्ष शंभू दयाल योगी, बुद्धि प्रकाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

















Leave a Reply