Advertisement

कलेक्टर के निर्देश पर पांढुर्णा व सौंसर क्षेत्र के छात्रावासों का सघन निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देश पर पांढुर्णा व सौंसर क्षेत्र के छात्रावासों का सघन निरीक्षण

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

*व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, भोजन, स्वच्छता व सुरक्षा पर विशेष ध्यान*

पांढुर्णा – पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार आज जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंधु सूर्यवंशी द्वारा सीनियर कन्या छात्रावास पांढुर्णा का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य छात्रावास में रह रही बालिकाओं को शासन के मानकों के अनुरूप सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

निरीक्षण के दौरान सीईओ द्वारा छात्रावास में उपलब्ध स्टॉक एवं सामग्री की गहन जांच की गई। इसमें खरीदी गई सामग्री का स्टॉक, रजिस्टर मिलान, रजिस्टर में दर्ज मात्रा एवं वास्तविक उपलब्ध सामग्री का मिलान, अनयूज़्ड सामग्री तथा उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।

इसके साथ ही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, प्रतिदिन बनने वाले भोजन, निर्धारित मेन्यू एवं बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया गया। यह भी जांचा गया कि बच्चों को समय पर पूरा एवं पौष्टिक भोजन मिल रहा है या नहीं।

छात्रावास की संपूर्ण सुविधाओं के अंतर्गत बिस्तर, चादर, कंबल, पीने के पानी की उपलब्धता व गुणवत्ता, टॉयलेट एवं बाथरूम की साफ-सफाई, बिजली, पंखे, लाइट तथा सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
साथ ही बच्चों के मेडिकल चेकअप रिकॉर्ड, बीमार बच्चों की देखभाल एवं किसी भी प्रकार की शिकायत, दुर्व्यवहार या लापरवाही की जानकारी विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष रूप से ली गई।

निरीक्षण के उपरांत सीईओ श्रीमती बंधु सूर्यवंशी द्वारा हॉस्टल प्रभारी को जिम्मेदारीपूर्ण कार्य प्रणाली अपनाने एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नानंदवादी में आदिवासी छात्रावास एवं आश्रम का निरीक्षण

इसी क्रम में जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंधु सूर्यवंशी एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री गौरव सिंह रघुवंशी द्वारा ग्राम पंचायत नानंदवादी स्थित आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास एवं बालक आश्रम गायखुरी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास एवं आश्रम की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालन की स्थिति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।

सौंसर में शासकीय उत्कृष्ट आदिवासी छात्रावासों का निरीक्षण

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में प्रफुल लवाहे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सौंसर एवं कु. रश्मि कुसरे, विकास खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय उत्कृष्ट आदिवासी कन्या एवं बालक छात्रावास सौंसर का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान स्वच्छता, आवासीय व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, अध्ययन वातावरण एवं मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया गया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्रावासों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!