रोमांच से भरपूर रहे तीसरे दिन के खेल,खिलाड़ियों ने दिखाया जौहर
खेल मैदान पर भाजपा नेताओं सहित अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
सिरोंज। देवेन्द्र विश्वकर्मा सत्यार्थ न्यूज

सिरोंज के सांदीपनि विद्यालय मैदान पर आयोजित हो रही राज्य स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन लीग मैचों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। सेमीफाइनल में स्थान बनाने और नेशनल टीम में अपना स्थान बनाने के लिए संभागों की टीमें तथा खिलाड़ी मैदान पर अपना बेहतर प्रदर्शन करते दिखाई दिए।
बुधवार को अलसबेरे से लेकर देर शाम तक सम्पन्न हुए बालक एवं बालिका वर्ग के पन्द्रह मैचों के दौरान बीच में अनुविभाग के प्रशासनिक अधिकारीयो ने पहुंचकर खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
भोपाल संभाग ने 2–0 से दी शहडोल को मात
प्रतियोगिता में सम्पन्न हो रहे लीग मैचों की श्रृंखला में दोपहर को लंच के उपरांत भोपाल संभाग का मैच शहडोल संभाग के साथ हुआ। मैच के पहले हाफ में भोपाल संभाग की ओर से खेल रहे सिरोंज के जर्सी नंबर 8 पहनकर खेल रहे खिलाड़ी इकराम ने पहला गोल दागकर भोपाल को 1–0 की निर्णायक बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में भोपाल संभाग के ही जर्सी नंबर 10 खिलाड़ी राजवीर ने दूसरा गोल दागकर शहडोल पर निर्णायक बढ़त बना ली। मैच के आखिरी समय तक शहडोल की टीम के खिलाड़ी गोल करने का प्रयास करते रहे लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। भोपाल संभाग ने यह मैच 2–0 से जीता।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी कुल 15 मुकाबले निर्धारित किए थे
जिसमें बालिका वर्ग में जबलपुर संभाग ने उज्जैन को 2–0 से भोपाल ने नर्मदापुरम को 3–0 से तथा रीवा ने सागर को 9–0 से मात दी। जनजाति विभाग और इंदौर का मैच 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। लंच के बाद खेले गए मैच में ग्वालियर ने उज्जैन को 3–0 से हराकर जीत दर्ज की।
इसी तरह बालक वर्ग में सुबह के पहले मुकाबले में इंदौर संभाग ने शहडोल को 2–0 से दूसरे मैच में उज्जैन ने जबलपुर को 1–0 से मात दी। तीसरे मैच में सागर और नर्मदापुरम का मुकाबला रोमांचक रहा, जो 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।चौथे मैच में रीवा ने ग्वालियर को कड़ी टक्कर देकर 2–1 से जीत हासिल की।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौंसला
मैच के दौरान खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाने के लिए अनुविभाग के प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। सुबह के समय अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर विश्वकर्मा ने ग्राउंड में पहुंचकर खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया। वहीं दोपहर में एसडीओपी सोनू डावर तथा नगर निरीक्षक विमलेश राय भी पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने दो ग्राउंड पर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों से उनके अनुभवों को भी जाना। इस दौरान प्रतियोगिता की व्यवस्था देख रहे भाजपा पार्षद सचिन शर्मा,पूर्व हॉकी खिलाड़ी नारायण हरि सोनी, सरपंच वीरेंद्र पालीवाल,राकेश पालीवाल सहित गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

आज दोपहर में होंगे सेमीफाइनल के मैच
सांदीपनि स्कूल के मैदान पर संपन्न हो रही राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के चौथे दिन दोपहर लंच के बाद सेमीफाइनल मैच आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में कुल 4 सेमीफाइनल होंगे जिसमें 2 बालक वर्ग के एवं 2 बालिका वर्ग के होंगे। प्रतियोगिता में दोनों वर्ग के कुल 40 लीग मैच होना थे जो गुरुवार की दोपहर तक पूर्ण हो जाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल शुक्रवार को खेला जाएगा। इसके बाद ही निर्णायक समिति द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश का नेतृत्व करने वाली बालक बालिका वर्ग के टीम की घोषणा की जाएगी।
लोकेशन सिरोंज जिला विदिशा
रिपोर्टर देवेन्द्र विश्वकर्मा

















Leave a Reply