Advertisement

गोण्डा जिला प्रशासन हुआ अलर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा कल

संवाददाता अय्यूब आलम 

गोण्डा, 02 फरवरी 2025  जिले के पार्वती अर्गा पक्षी विहार में 2 फरवरी को विश्व वेटलैंड्स दिवस के अवसर पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी करेंगे।

संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘हम सभी के भविष्य के लिए आर्द्रभूमियों का संरक्षण’ होगा, जिसमें पर्यावरण विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और अन्य गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी इस अवसर पर ‘अरगा ब्रांड’ के उत्पादों की ऑनलाइन लॉन्चिंग भी करेंगे। यह ब्रांड स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रमोट करेगा, और इन्हें अमेज़न इंडिया के ‘अमेज़न सहेली’ प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल सकेगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिलेगी।

संगोष्ठी के दौरान वनटांगिया समुदाय पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया जाएगा। यह पुस्तक वनटांगिया समुदाय के उत्थान, उनके जीवनशैली में आए बदलाव और सरकार की योजनाओं के माध्यम से उनकी आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों को प्रदर्शित करेगी।

 

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिनमें माननीय केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन, भारत सरकार श्री भूपेंद्र यादव जी, माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन एवं विदेश मंत्रालय भारत सरकार श्री कीर्ति वर्धन सिंह जी, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन, एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. अरुण कुमार जी, माननीय राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार श्री के पी मलिक जी अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।

 

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण DD NEWS, उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और अन्य डिजिटल प्लेटफार्मों पर किया जाएगा। यह आयोजन आर्द्रभूमियों के संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और वनटांगिया समुदाय के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!