सत्यार्थ न्यूज़
रिपोर्टर: अनंत कुमार
भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए सहारा बनी ‘सनातन जनभावना समिति’, पुलिस चौकी के पास शुरू किया नि:शुल्क प्याऊ

सोनभद्र ( लिलासी) क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तपती धूप को देखते हुए सामाजिक सरोकारों में अग्रणी सनातन जनभावना समिति ने जनहित में एक सराहनीय पहल की है। समिति द्वारा म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लिलासी पुलिस चौकी के पास आम जनता एवं राहगीरों के लिए नि:शुल्क स्वच्छ एवं शीतल पेयजल (प्याऊ) सेवा का शुभारंभ किया गया है।
राहगीरों को मिलेगी तपती धूप में राहत
गर्मी के इस मौसम में बाजार आने-जाने वाले ग्रामीणों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को पेयजल के लिए भटकना न पड़े, इसी उद्देश्य से समिति ने व्यस्त मार्ग पर स्थित पुलिस चौकी के समीप मिट्टी के घड़ों (मटकों) के माध्यम से प्याऊ की व्यवस्था की है। प्याऊ शुरू होने से स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने राहत की सांस ली है। समिति के कार्यकर्ता नियमित रूप से मटकों में स्वच्छ एवं ठंडा पानी भरने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

पंजीकृत संस्था के रूप में कर रही है जनसेवा
गौरतलब है कि सनातन जनभावना समिति, आरंगपानी (झरईलटोला), सोनभद्र एक पंजीकृत संस्था है, जिसका पंजीकरण संख्या SON/07445/2025-2026 है। संस्था लगातार सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” तथा भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाना एक पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक गर्मी का प्रकोप रहेगा, तब तक यह नि:शुल्क प्याऊ सेवा निरंतर संचालित की जाती रहेगी।

समिति की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय नागरिकों, राहगीरों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों ने समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।













Leave a Reply