Advertisement

बरेली जिले में दिवाली के दिन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में किशोर समेत चार लोगों की मौत।

बरेली से यूसुफ़ खान की रिपोर्ट

बरेली जिले में दिवाली के दिन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में किशोर समेत चार लोगों की मौत।

बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र के तिलियापुर गांव निवासी शैंकी और दिलीप की सड़क हादसे में मौत हो गई। 16 वर्षीय शैंकी के पिता ख्यालीराम ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर शैंकी अपने पड़ोस के रहने वाले 20 वर्षीय दिलीप के साथ साइकिल से पटाखे और घर का सामान लेने के लिए फतेहगंज पश्चिमी की तरफ जा रहा था। हाईवे पर राधा कृष्ण मंदिर के पास तेज रफ्तार कैंटर ने रोड क्रॉस करते समय इनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस में कैंटर कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। दिवाली के दिन हादसे में मौत की जानकारी जब दोनों मृतक के परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। शैंकी कक्षा 12 का छात्र था। चार-भाई दो बहनों में वह तीसरे नंबर का था। दिलीप पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी मां गीता देवी का बुरा हाल है।

ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के बड़ी बिहार मोहल्ला निवासी 20 साल के रोहित की भी हादसे में मौत हो गई। उसके रिश्तेदार ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश से काम करके अपने साथियों के साथ बाइक से आ रहे थे। बृहस्पतिवार को झुमका चौराहे के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। शुक्रवार सुबह रोहित की मौत हो गई। साथी आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पत्नी राजवती घर पर दिवाली की तैयारी करते हुए पति का इन्तजार कर रही थी, उसका रो-रोकर बुरा हाल है।

दो कारों की भिड़त में महिला की मौत

थाना प्रेमनगर के सिद्धार्थ नगर निवासी अवनीश मोहन ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी 31 वर्षीय निशा पाल परिवार के साथ शाहजहांपुर से कार से घर लौटकर आ रही थीं। कटरा के पास विपरीत दिशा से आई दूसरी कार उनकी कार से टकरा गई। इससे कार में बैठी रानी देवी, मिनी और कार चालक रजनीश और निशा पाल घायल हो गईं। इलाज को लाते समय रास्ते में निशा की मौत हो गई। रानी देवी, मिनी और रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। निशा के पति नोएडा में नौकरी करते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!