छ.ग.विशेष संवाददाता :- राजेन्द्र मंडावी कांकेर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : नमक को रंगकर नकली खाद के रूप में बेचने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह के दो फरार आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार 
कांकेर। थाना पखांजूर द्वारा 11/10/2024 को की गई कार्यवाही में पखांजूर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो फरार आरोपियों, शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना, को राजस्थान के जिला गंगापुर सिटी के सुरगढ़ गांव से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक महत्वपूर्ण मामले का हिस्सा है, जो 02/07/2024 को प्रारंभ हुआ था। उस दिन कृषि विभाग द्वारा पखांजूर में ट्रक क्रमांक RG 11 GB 9189 से बरामद खाद का परीक्षण किया गया, जिसमें खाद नकली पाई गई। इसके आधार पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 147/2024 पंजीबद्ध किया गया था। इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिमेश घरामी और ट्रांसपोर्टर उस्मान खान शामिल थे। पखांजूर पुलिस ने इस प्रकरण की विवेचना के लिए राजस्थान भेजी गई थी, जिसके दौरान पता चला कि बरामद अमानक खाद नावा सिटी राजस्थान से परिवहन कर छत्तीसगढ़ लाया गया था। विवेचना में यह सामने आया कि आरोपी विनोद कुमार जैन, विनय कुमार जैन और उपकार जैन ने अपनी फैक्ट्री में नमक को रंगकर नकली पोटाश खाद तैयार किया। इसके बाद, शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना ने इस नकली खाद की मार्केटिंग और बिक्री की। पुलिस ने 7/9/2024 को नावा सिटी से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन शिवकृष्ण गुर्जर और ओमप्रकाश भदाना फरार थे। गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक रामचन्द्र साहू के नेतृत्व में टीम को राजस्थान भेजा गया, जहां आरोपियों के निवास पर दबिश दी गई। दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने 2 किलोमीटर तक उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इस सफलता में उपनिरीक्षक रामचन्द्र साहू, आरक्षक जोसेफ बड़ा, राजेंद्र माहेश्वरी और डोमेस्वर यामले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजस्थान पुलिस का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

















Leave a Reply