दिवाली पर्व के मद्देनजर सांगली, मिरज और कुपवाड शहरों के प्रमुख बाजारों में नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। त्योहार की खरीदारी के कारण बाजारपेठों और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था। इस स्थिति को देखते हुए महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती संजीता महापात्र के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की ओर से तत्काल विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत करीब 50 टन कचरा एकत्रित किया गया।
उपायुक्त श्रीमती स्मृति पाटील के मार्गदर्शन तथा मुख्य स्वच्छता अधिकारी याकुब मद्रासी के नियंत्रण में कल से ही शहर के प्रमुख बाजारों, व्यापारिक क्षेत्रों और सार्वजनिक सड़कों पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया। दिवाली की खरीदारी के लिए दिनभर नागरिकों की आवाजाही रहने के कारण देर रात तक बाजारों में बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था। इसे देखते हुए सफाई दलों ने तत्काल काम शुरू कर कचरा संकलन और परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान दिया।
इस अभियान में सांगली के क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 1 एवं 2 के स्वच्छता अधिकारी अतुल आठवले के नेतृत्व वाला दल, कुपवाड क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 3 के स्वच्छता अधिकारी सिद्धांत ठोकळे के नेतृत्व वाला दल तथा मिरज क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 4 के स्वच्छता अधिकारी सचिन वाघमोडे के नेतृत्व वाला दल शामिल हुआ। संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के स्वच्छता निरीक्षकों, मुकादमों और सफाई कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ प्रमुख बाजारपेठों और सड़कों की सफाई की।
50 टन कचरे का संकलन; शहर फिर हुआ स्वच्छ
दिवाली के बाद जमा हुए कचरे का समय पर संकलन और उचित निस्तारण करने के लिए महानगरपालिका प्रशासन ने विशेष नियोजन किया था। सफाई दलों के लगातार प्रयासों से आज सुबह तक प्रमुख बाजारपेठों और सड़कों की सफाई पूरी कर ली गई। इसके चलते त्योहार की भीड़ के बाद कचरे से भरे बाजार और आसपास के परिसर फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित हो गए।
शहर की स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए महानगरपालिका प्रशासन लगातार प्रयासरत है। नागरिक भी कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता अभियान में प्रशासन को सहयोग दें, ऐसी अपील महानगरपालिका प्रशासन की ओर से की गई है।