अंजुमन दयारे अदब के तत्वावधान में शाम-ए-ग़ज़ल का भव्य आयोजन, देश और समाज के ज्वलंत मुद्दों पर शायरों ने पेश किए कलाम नानपारा (बहराइच)। नगर के मोहल्ला तोपखाना स्थित जुलूस-ए-मोहम्मदी ग्राउंड में 3 नवंबर 2026 की शाम तंजीम अंजुमन दयारे अदब की जानिब से भव्य शाम-ए-ग़ज़ल एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। मुशायरे में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शायरों ने अपने बेहतरीन कलाम से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। मुशायरे में हजारों की संख्या में लोग रातभर मौजूद रहे और सुबह करीब चार बजे कार्यक्रम का समापन हुआ।
मुशायरे के कन्वीनर मास्टर मोहम्मद अदीब, लाल नानपारवी एवं मोहम्मद नदीम रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनाब जयशंकर सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलहा रहे। मुशायरे की सदारत खैराबाद से आए जनाब जिया खैराबादी ने की, जबकि संचालन कमर खैराबादी ने अपने खास अंदाज में किया।
मुशायरे में लाल नानपारवी ने नफरत के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए पढ़ा—
“शोले भड़केंगे तो आ जाओगे तुम भी ज़द में,
आग नफरत की लगाओगे तो जल जाओगे।”
घायल खैराबादी ने रोजमर्रा की जिंदगी की परेशानियों को शायरी में पिरोते हुए कहा—
“पूछो न क्या बताऊं मैं रोटी की दौड़ में,
पतलून यूं फटी है कोई सिल नहीं रहा।”
उमर नानपारवी ने आत्मनिर्भरता और खुद की हिफाजत का संदेश देते हुए पढ़ा—
“अब तो करनी है हमें खुद ही हिफाजत अपनी,
कौन है अपना मददगार, खुदा खैर करे।”
मुशायरे के संचालक कमर खैराबादी ने अपने खास अंदाज में शेर पढ़कर खूब दाद बटोरी—
“जितनी पीकर आप इतराते हैं महफिल में,
इतनी तो अक्सर छलक जाती है मेरे जाम से।”
वहीं अदीब नानपारवी ने इंसाफ और समान अधिकारों की बात करते हुए कहा—
“मेरी ज़िद है कि उजालों पे सभी का हक है,
धूप निकली है तो फिर धूप यहां तक पहुंचे।”
मुशायरे की सदारत कर रहे जिया खैराबादी ने भी अपने कलाम से श्रोताओं की खूब वाहवाही हासिल की—
“मालो-ज़र की बात हो तो दे दूं हंसकर,
अब तो जालिम की नजर में मेरी अंगनाई है।”
कार्यक्रम के दौरान तंजीम की ओर से सभी शायरों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। शेरो-शायरी, अदबी माहौल और श्रोताओं की भरपूर दाद के बीच पूरी रात महफिल गुलजार रही।
अंत में मुशायरे के सरपरस्त जनाब सोसन नानपारवी ने मुशायरे के समापन का ऐलान किया। सुबह करीब चार बजे तक चली इस अदबी महफिल ने नानपारा में साहित्य और शायरी के प्रति लोगों के उत्साह की खूबसूरत मिसाल पेश की।
UTTAR PRADESH
09/11/2026
तोपखाना में रातभर गूंजे शेर-ओ-शायरी के अंदाज, सुबह चार बजे तक जमा रहा हजारों का हुजूम
तोपखाना में रातभर गूंजे शेर-ओ-शायरी के अंदाज, सुबह चार बजे तक जमा रहा हजारों का हुजूम
09 November 2026
•
Mohammad Sayeed
•
3 Min Read
•
93 Views
Published:
09 November 2026, 10:37 PM
Last Updated:
10 November 2026, 07:45 PM
M
By Mohammad Sayeed
Nanpara, Bahraich Uttar PradeshPost a Comment
Your comment will be published after review and approval by the administrator.