सिद्धार्थनगर। जिले में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। धान बर्बाद होने के साथ ही अब गेहूं की बुवाई भी संकट में पड़ गई है। हालात यह हैं कि धान की कटाई में देरी से गेहूं की बुवाई एक महीने तक पिछड़ सकती है।
सबसे ज्यादा मार डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के किसानों पर पड़ी है। तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश से सैकड़ों एकड़ धान की फसल आड़ी हो गई है। खेतों में पानी भरने से कटी और खड़ी दोनों तरह की फसलें सड़ने लगी हैं।
डुमरियागंज के किसान श्याम जी पांडेय ने बताया कि उनकी करीब एक एकड़ धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं, किसान जंगबहादुर की करीब दस बीघा फसल खेत में ही गिरकर खराब हो गई।
जंगबहादुर ने बताया कि उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड से कर्ज लेकर खेती की थी, अब परिवार के भरण-पोषण के साथ बैंक का कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है। प्रमोद समेत अन्य किसानों का भी यही हाल है।
किसानों का कहना है कि एक तो धान की फसल बर्बाद हुई, ऊपर से गेहूं की बुवाई लेट होने से रबी सीजन भी प्रभावित होगा। खेती में लगी पूरी पूंजी डूबने के बाद अब खाद-बीज और जुताई के लिए पैसे का इंतजाम करना बड़ी चुनौती बन गया है।
प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से फसली नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने और केसीसी ऋण में राहत देने की मांग की है।


वहीं प्रशासन का कहना है कि बारिश से हुए नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। राजस्व और कृषि विभाग की टीम गांव-गांव जाकर सर्वे कर रही है।
साथ ही फसल बीमा और केसीसी धारक किसानों के नुकसान का आकलन बीमा कंपनियों के माध्यम से भी कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।