सांगली जिले में राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने अवैध शराब की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पिछले आठ महीनों के दौरान व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 806 मामले दर्ज किए हैं, जबकि इस मामले में 741 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी जिला उप अधीक्षक, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग के अधिकारी दीपक सुपे ने हमारे प्रतिनिधि से बातचीत के दौरान दी।
दीपक सुपे ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न वाहनों सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है। इन कार्रवाइयों को सांगली जिला पुलिस के समन्वय से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग की अधिकांश कार्रवाइयों में यह बात सामने आई है कि शराब तस्कर नई और तेज रफ्तार गाड़ियों का इस्तेमाल करना पसंद कर रहे हैं। वहीं, हाल के दिनों में दूसरे राज्यों से जिले में शराब की तस्करी के लिए प्लास्टिक के ड्रम का इस्तेमाल भी बढ़ा है। विभाग की कई कार्रवाइयों में तस्करों द्वारा शराब को ट्रैक्टर की ट्यूब में छिपाकर ले जाने के मामले भी सामने आए हैं।
सुपे ने बताया कि फिलहाल विभाग के पास जब्त किए गए 15 से अधिक वाहन हैं। इन वाहनों के संबंध में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार सरकारी नीलामी के माध्यम से उनकी बिक्री की जाती है अथवा उन्हें शासन के सुपुर्द किया जाता है।
उन्होंने आगे बताया कि सांगली और मिरज विभाग की टीमों ने हाल के दिनों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए विशेष रूप से मिरज के पूर्वी क्षेत्र में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास तेज किए हैं।