Advertisement

बीकानेर-पढ़े जिले व आस-पास की खबरें एक साथ एक क्लिक में

न्यूज़ रिपोर्टर मनोज मूंधड़ा बीकानेर श्रीडूंगरगढ़
1.बीकानेर : कोयला गली में युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या-
चौखूंटी की गली नंबर 15 में रहने वाले एक युवक का शव कोयला गली स्थित एक मकान में शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे मिला। बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने पापा को फोन कर कहा था कि वह 15-20 मिनट में घर आ रहा है। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें अपने बेटे के सुसाइड करने की जानकारी मिली।सुसाइड की सूचना के बाद कोटगेट थाने के एसआई गौरव बोहरा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों द्वारा मौत को संदिग्ध बताने पर पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम से भी जांच करवाई। एसआई गौरव बोहरा ने बताया कि मृतक का नाम आनंद प्रजापत पुत्र राजकुमार प्रजापत है।
वह चौखूंटी से कोयला गली कब और क्यों गया था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल अपने कब्जे मैं लिया है। कॉल डिटेल को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। मृतक का शव उतारने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल प्रवीण, मांगीलाल और कांस्टेबल अमृत लाल सहित असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत का सहयोग रहा।
2.तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से भिड़ी, युवक की मौत-
कस्बे में शुक्रवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे सवार सड़क पर गिर कर घायल हो गया। उसे पहले देशनोक सीएचसी ले गए, जहां से पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।देशनोक एसएचओ सुमन शेखावत ने बताया कि कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी पुरुषोत्तम (21) पुत्र बालकिशन नाई दोपहर करीब पौने दो बजे बाइक से जा रहा था। कस्बे के बाजार में डिवाइडर से टकरा कर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे घायलावस्था में पीबीएम अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
3.चाचा भतीजे के करंट लगने हुई मौत-
जिले के छत्तरगढ़ थाना इलाके में दो व्यक्तियों की करंट आने से दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार छत्तरगढ़ में रहने वाले चाचा भतीजे अपने ट्यूबवैल पर काम कर रहे थे अचानक लाइट चालू होने से दोनों के करंट आ गया जिससे दोनों बुरी तरह से झुलस गये थे। उनको घायल अवस्था में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर आये जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत बता दिया। इसको लेकर परिजन नाराज हो गये और स्थिति एक बारगी तनाव की बन गई थी। अब तक जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक 40 वर्षीय टीकूराम मेघवाल और 28 वर्षीय लेखराम मेघवाल की करंट से मौत हुई है। दोनों रिश्ते में चाचा भतीजे थे और ट्यूबवैल पर काम कर रहे थे। अनुमान है कि अचानक पॉवर चालू हो जाने से करंट आ गया और दोनों को गंभीर झटका लगा। थानाधिकारी संदीप कुमार ने घटना की पुष्टि की है। अब तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक मृतक रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। ट्यूबवैल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान करंट लगा है। पूरा मामला क्या यह तफ्तीश के बाद ही सामने आ सकेगा
4.मार्निंग वॉक पर निकली महिला से चैन स्नैचिंग-
सदर थाना क्षेत्र के सादुलगंज में एक महिला पर जबरन घुसकर कमरे का ताला तोडने व रोकने पर महिला के साथ मारपीट व गाली-गलौज का प्रकरण सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सादुलगंज निवासी कविता शक्तावत पत्नी कर्नल देवेन्द्रसिंह ने सदर थाना में लिखित परिवाद दिया की बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोप समर शेखावत उनके घर में घुसी और जबरन कमरे का ताला तोड़ दिया। उसे जब रोकने की कोशिश की गई तो वह प्रार्थिया व प्रार्थिया की माताजी के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने लगी।पुलिस ने मामले में आरोपी समर शेखावत के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है व प्रकरण में जांच सदर थाना के सहायक उप निरीक्षक रावताराम को सौंपी गई है।
5.अज्ञात वाहन की टक्कर से बालिका की मौत-
शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे के आसपास नाल से निकलने वाले एनएच 11 पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बारह वर्षिय बालिका की मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के लखीसराय निवासी गेनी माझी ने थाना में परिवाद दिया की वह कई वर्षों से नाल में रहकर अपना जीवनयापन पर कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम उसकी 12 वर्षिय पुत्री एनएच 11 पार कर रही थी तो अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हिट एंड रन की धाराओं में मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!