Advertisement

ग्राम प्रधान ने पंचायत निधि में फर्जीवाड़े का लगाया आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

ग्राम प्रधान ने पंचायत निधि में फर्जीवाड़े का लगाया आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

 

सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

सोनभद्र। विकास खंड चतरा की ग्राम पंचायत खडुई की ग्राम प्रधान मीरा देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम पंचायत निधि के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रधानपति, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर पर मिलीभगत कर फर्जीवाड़ा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन वर्षों से उनकी अनुमति और हस्ताक्षर के बिना फर्जी कार्य दर्शाकर सरकारी धन का भुगतान कराया गया। उनका कहना है कि पंचायत के विकास कार्यों में उनकी अधिकारिक भूमिका की अनदेखी की गई तथा बिना सहमति के विभिन्न मदों से भुगतान किए जाते रहे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान का डोंगल एवं अन्य डिजिटल माध्यम अन्य लोगों के पास रहते थे, जिनका उपयोग कर विभिन्न फर्मों के माध्यम से मनमाने ढंग से धनराशि निकाली गई। साथ ही उन्हें ग्राम पंचायत की बैठकों में शामिल नहीं किया गया, जिससे उनके अधिकारों का उल्लंघन हुआ। प्रार्थना पत्र में प्राथमिक विद्यालय खडुई और सोनवट में कथित रूप से फर्जी उपस्थिति दर्ज कराकर कन्वर्जन मद सहित अन्य योजनाओं की धनराशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा मनरेगा कार्यों, फर्जी हस्ताक्षरों, विभिन्न फर्मों को किए गए भुगतानों तथा अन्य वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान मीरा देवी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच के लिए त्रिस्तरीय समिति गठित करने तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की हैं

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!