*अनपरा तापीय परियोजना की कोयला मालगाड़ी हुई बेपटरी*
*17 वैगन पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला*
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के लिए कोयला लेकर आ रही एक मालगाड़ी सोमवार देर रात ककरी क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मालगाड़ी के 17 वैगन पटरी से उतर गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 2 बजे एनसीएल की खड़िया परियोजना, शक्तिनगर से कोयला लोड कर लोको नंबर-06 के माध्यम से 37 वैगनों वाली मालगाड़ी अनपरा तापीय परियोजना की ए इकाई के एमजीआर कोल यार्ड के लिए रवाना हुई थी। मालगाड़ी जब ककरी क्षेत्र के पास पहुंची, तभी अचानक एक वैगन के पहिए का लॉक पिन टूट गया, जिससे पहिया बोगी से अलग होकर दूर जा गिरा और देखते ही देखते मालगाड़ी के 17 वैगन पटरी से उतर गए।
घटना के समय रात का सन्नाटा था। अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों को कुछ समय के लिए लगा कि कोई बड़ा रेल हादसा हो गया है।
सूचना मिलते ही रात्रि पाली में तैनात सीआईएसएफ की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा बलों ने आसपास मौजूद लोगों को शांत कराया तथा घटना की जानकारी परियोजना अधिकारियों और सीआईएसएफ कमांडेंट को दी।
इसके बाद अनपरा तापीय परियोजना के एमजीआर विभाग के अधिकारियों और सीआईएसएफ जवानों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने दुर्घटनाग्रस्त वैगनों को अलग करते हुए शेष 20 वैगनों को सुरक्षित रूप से अनपरा तापीय परियोजना के कोल यार्ड तक रवाना कर दिया।
घटनास्थल पर देर रात से ही पटरी से उतरी बोगियों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाने का कार्य जारी है। रेलवे और परियोजना से जुड़े अधिकारी ट्रैक को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे संविदाकार की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि वैगनों के पहियों और अन्य उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव में कमी के कारण लॉक पिन टूटने जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। इससे संविदाकार द्वारा किए जा रहे अनुरक्षण कार्यों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीआईएसएफ के क्राइम विभाग से जुड़े सुभाष राम भारती ने बताया कि अनपरा तापीय परियोजना की कोयला मालगाड़ियों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संविदाकार संस्था “स्टार ओ एंड एम” को सौंपी गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों और नियमित तकनीकी निरीक्षण की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। यदि हादसा किसी आबादी वाले क्षेत्र या दिन के समय हुआ होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।














Leave a Reply