*अनपरा के डब्ल्यूआईई कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर*
*दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत, चोरों ने पुलिस प्रशासन को दी खुली चुनौती*
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

अनपरा, सोनभद्र। अनपरा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-16 तिलक नगर स्थित डब्ल्यूआईई कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डब्ल्यूआईई कॉलोनी के एक क्वार्टर में राजीव नयन सिंह अपनी पत्नी अवंतिका सिंह और बेटी के साथ रहते हैं। घटना के समय राजीव नयन सिंह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी अवंतिका सिंह, जो पेशे से अध्यापिका हैं, स्कूल में पढ़ाने गई थीं, जबकि उनकी बेटी भी स्कूल गई हुई थी। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बना लिया।दोपहर करीब दो बजे जब अवंतिका सिंह अपनी बेटी के साथ स्कूल से वापस घर पहुंचीं और घर का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुईं तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जब उन्होंने अलमारी और लॉकर की जांच की तो उसमें रखे गहने और नकदी गायब मिले।
पीड़िता अवंतिका सिंह के अनुसार अलमारी के लॉकर में छह सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन लॉकेट सहित, तीन जोड़ी सोने के झुमके, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन तथा लगभग पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर घर के पीछे की बाउंड्री फांदकर परिसर में दाखिल हुए और दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
घटना के बाद अवंतिका सिंह गहरे सदमे में हैं। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि दिन के उजाले में इस तरह उनके घर को निशाना बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अनपरा क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन अधिकांश घटनाएं रात के समय हुई थीं। लेकिन अब तो दिन हो चाहे रात चोरों को कोई फर्क नहीं पड़ता है वे चोरी की घटना को खुलकर अंजाम देते हैं और पुलिस जाकर जाँच करके कार्यवाही का आश्वासन देकर शान्त हो जाती है और चोर बेखौफ घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस तरह दिनदहाड़े हुई चोरी ने लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि यदि आबादी वाले इलाके में दिन के समय भी घर सुरक्षित नहीं हैं तो यह चिंता का विषय है। चोरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से अनपरा क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।














Leave a Reply