स्कूल में लापरवाही, शिक्षिका पर बच्चों को बाहर निकालने का आरोप

जिला ब्यूरो सचिन शुक्ला श्योपुर
हेडलाइन:
पढ़ाने की बात कहना पड़ा भारी, शिक्षिका ने बच्चों को कक्षा से धक्का देकर निकाला, वीडियो वायरल
श्योपुर। जिले के मातासूला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि नए सत्र के पहले दिन एक अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए स्कूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि छात्र-छात्राएं बिना शिक्षक के कक्षा में बैठे हुए थे, जबकि विद्यालय की शिक्षिकाएं कार्यालय में बैठकर आपस में बातचीत और नाश्ता करने में व्यस्त थीं।
अभिभावक और स्थानीय लोगों ने जब इस स्थिति का वीडियो बनाना शुरू किया तो एक शिक्षिका नाराज हो गई। आरोप है कि शिक्षिका ने वीडियो बना रहे युवक का विरोध किया और उसके बाद कक्षा में मौजूद बच्चों को धक्का देकर बाहर जाने के लिए कह दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं बिना शिक्षक के कक्षा में बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद शिक्षिका की नाराजगी और बच्चों को कक्षा से बाहर निकालने की घटना भी कैमरे में कैद हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी यश जैन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शिक्षिकाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अभिभावक ईश्वर मीणा का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई की बजाय शिक्षक अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने दोषी शिक्षिकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब पूरे मामले में जिला शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
बाइट: यश जैन, जिला शिक्षा अधिकारी
बाइट: ईश्वर मीणा, अभिभावक














Leave a Reply