Advertisement

किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, 6 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, 6 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

श्योपुर। मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले शुक्रवार को जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता हजारेश्वर पार्क से एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला प्रशासन के नाम कलेक्टर को 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के किसान खाद, बिजली, सिंचाई और राजस्व संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिससे खरीफ फसल प्रभावित होने की आशंका है। किसान कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वर्तमान ई-टोकन व्यवस्था समाप्त कर आधार कार्ड के माध्यम से खाद वितरण किया जाए।
संगठन ने नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, हाल ही में आए तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और खंभों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जिन मजरा-टोलों में बिजली बिल की वसूली हो रही है लेकिन अब तक बिजली लाइन नहीं पहुंची है, वहां शीघ्र विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा खरीफ फसल की सिंचाई को ध्यान में रखते हुए 15 जुलाई से चंबल नहर में पानी छोड़े जाने, किसानों के नामांतरण पर लगी रोक तत्काल हटाने तथा खेत सड़क योजना को पुनः शुरू कर लंबित सड़क निर्माण कार्य पूरे करने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2022-23 में कराहल सेवा सहकारी समिति से खाद लेने वाले किसानों ने निर्धारित राशि समय पर जमा कर दी थी, लेकिन आज भी कई किसानों के खातों में बकाया राशि दर्ज है। इससे किसानों को शासकीय योजनाओं, ऋण और अन्य कृषि सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। किसान कांग्रेस ने इस त्रुटि को तत्काल सुधारने और सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!