वाराणसी – बनारस मे सड़क जाम ट्रैफिक टेंशन खत्म रोपवे ने दिखाई नई राह सावन में शुरू होगा ड्रीम प्रोजेक्ट शुरू होंगी रोपवे यातायात सेवाएं
वाराणसी – बनारस में बहुप्रतीक्षित रोपवे सेवा सावन माह से शुरू होने की तैयारी में है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने मंगलवार को रोपवे के लिए किराया सूची जारी कर दी है। इसके तहत वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक का अधिकतम किराया 50 रुपये तथा न्यूनतम किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है।
यात्रियों को कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया स्टेशन के बीच तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। रोपवे शुरू होने के बाद कैंट से गोदौलिया तक का सफर, जो सड़क मार्ग से 30 से 45 मिनट लेता है, अब मात्र 15 से 16 मिनट में पूरा होगा।
स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों के लिए ‘काशी स्मार्ट पास’ भी जारी किया जाएगा, जिस पर अधिसूचित किराए में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके तहत कैंट से गोदौलिया का किराया 40 रुपये और विद्यापीठ से रथयात्रा तक का किराया केवल 8 रुपये होगा।
पर्यटकों और विशेष समूहों के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा भी शुरू की जाएगी, जिसका किराया 2000 रुपये प्रति यात्रा निर्धारित किया गया है। अग्रिम बुकिंग कराने वाले समूहों के लिए यह शुल्क 1200 रुपये प्रति यात्रा होगा।
रोपवे स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल टिकटिंग और क्लॉक रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह परियोजना काशी के पर्यटन, व्यापार और शहरी परिवहन को नई गति देने वाली साबित हो सकती है।
Leave a Reply