सत्यार्थ न्यूज़ रिपोर्टर अनंत कुमार
रेणुकूट में भीषण सड़क दुर्घटना, दो युवकों की दर्दनाक मौत

सोनभद्र जनपद के रेनुकूट क्षेत्र से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मुर्धवा–हाथीनाला मार्ग पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक बारात में शामिल होने रेनुकूट आए हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मुर्धवा–हाथीनाला मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अकलवंत पुत्र नंदलाल (26 वर्ष) निवासी साऊडीह हथवानीऔर अजय कुमार पुत्र शंखलाल (25 वर्ष) निवासी हथवानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
















Leave a Reply