फतेहाबाद से संवाददाता कमल सिंह चौहान
शोभायात्रा से पूर्व जनसभा में गरजे डिप्टी सीएम मौर्य, सम्राट अशोक के आदर्शों पर चलने का आह्वान

फतेहाबाद सत्यार्थ न्यूज़: कस्बा फतेहाबाद में रविवार को चक्रवर्ती सम्राट अशोक की शोभायात्रा से पूर्व एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने सम्राट अशोक के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को उनके सिद्धांतों पर चलकर और मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया और समाज में उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। साथ ही भगवान गौतम बुद्ध के संदेश को विश्वभर में फैलाने में भारत की भूमिका को रेखांकित किया।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश करती हैं, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 2027 ही नहीं, 2047 तक भी उनकी सरकार बनने वाली नहीं है।
जनसभा के दौरान ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास और सुशासन की राजनीति करती है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
इससे पूर्व फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने फतेहाबाद में सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा व लाट स्थापित कराने की मांग मंच से उठाई।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, विधायक छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा,एमएलसी विजय शिवहरे, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, कालीचरन सुमन, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, अध्यक्ष सहकारी बैंक प्रदीप भाटी,चेयरमैन बबीता रविप्रकाश शल्या, नितिन वर्मा, आशा देवी चक, बबीता चौहान, राजेश कुशवाहा, गयाप्रसाद कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, अंकित गुप्ता, योगेश चौहान, मुकेश पचौरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनसभा के उपरांत सम्राट अशोक की भव्य शोभायात्रा नगर में निकाली गई, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा।
जनसभा की झलकियां :
पुलिस की रही कड़ी निगरानी :
जनसभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस की पैनी नजर हर आने-जाने वाले पर बनी रही, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो सके।
काली पट्टियों पर सख्ती : जनसभा में काली पट्टी बांधकर पहुंचे लोगों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने ऐसे लोगों की पट्टियां उतरवाकर अपने कब्जे में ले लीं, जिससे माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
जेबकतरों की सक्रियता : भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने भी हाथ साफ किए। कुछ लोगों की जेबें कटने की शिकायत सामने आई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना।
एक जेबकतरा पकड़ा गया : सतर्कता दिखाते हुए एक व्यक्ति ने जेब काट रहे आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
















Leave a Reply