दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन एवं प्रमाण पत्र निर्माण हेतु विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित
सत्यार्थ न्यूज़ संवाददाता मनोज कुमार माली सोयत कला नगर

सुसनेर, नगर जिला आगर-मालवा 16 मार्च/कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, द्वारा दिव्यांग बच्चों 0 से 18 वर्ष के चिन्हांकन एवं त्वरित दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्माण के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुसनेर में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान जिला मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ. आर.एन. मालवीय, डॉ. राहुल गौड़, डॉ. चूड़ियार एवं डॉ. आलोक श्रीवास्तव द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी उप संचालक विजय चौरसिया तथा सामाजिक न्याय विभाग के शाखा प्रभारी निलेश झांसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में डीडीआरसी कर्मचारियों द्वारा 40 दिव्यांग बच्चों का पंजीयन कर मेडिकल बोर्ड के माध्यम से परीक्षण कराया गया, जिससे उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी किए जा सकें। शाखा प्रभारी निलेश झासिया ने बताया कि उच्च न्यायालय की जे.जे.सी. कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिले में रिवाइज्ड दिव्यांग शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में यह तृतीय शिविर आयोजित किया गया, जबकि चतुर्थ शिविर 17 मार्च 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नलखेड़ा में जिला मेडिकल बोर्ड की टीम के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
आयोजन के दौरान एमआरसी श्री पाटीदार, जनपद पंचायत सुसनेर से एसएसओ श्री भारत विजयपुरिया एवं श्री लोकेंद्र जैन, नगर परिषद सुसनेर से श्रीमती शहजादी खान, जगदीश परमार, अक्षय गयतियां सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुसनेर का चिकित्सकीय एवं सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहा।
शिविर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
















Leave a Reply