Advertisement

सोनभद्र – *होली एवं रमज़ान माह को सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु समन्वय गोष्ठी आयोजित-*

 

 

*होली एवं रमज़ान माह को सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु समन्वय गोष्ठी आयोजित-*

* शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश-*

 

सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष, जनपद सोनभद्र में आज दिनांक 28.02.2026 को आगामी होली पर्व एवं रमज़ान माह के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा, शांति एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता बी0एन0 सिंह, जिलाधिकारी सोनभद्र एवं अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा संयुक्त रूप से की गई। बैठक में जनपद के उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि होली एवं रमज़ान के दौरान संवेदनशील स्थलों की पहचान कर प्रभावी पुलिस पिकेटिंग, नियमित गश्त, ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष मॉनिटरिंग करते हुए अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा समस्त संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने समस्त थाना प्रभारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ सतत संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंग की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। गोष्ठी में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं सम्भ्रांत नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में जागृति अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी, अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सोनभद्र, रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

*जनपदवासियों से अपील की गई कि होली एवं रमज़ान का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। जनपद प्रशासन एवं पुलिस बल पूर्णतः सतर्क, प्रतिबद्ध एवं तैयार है कि दोनों पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराए जाएं।*

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!