ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

बलरामपुर, 27 फरवरी 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के सभी विभागों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली, ई-एचआरएमएस और स्पैरो पोर्टल से संबंधित बारीकियों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनर विनोद देवांगन एवं निखिल साहू ने ई-ऑफिस के संचालन की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ई-ऑफिस के अंतर्गत डिस्पैच, पत्राचार, नोटशीट, डिजिटल हस्ताक्षर और फाइल ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग, ई-एचआरएमएस प्रणाली के तहत अवकाश, पदस्थापना आदि का ऑनलाइन प्रबंधन, स्पैरो पोर्टल के माध्यम से वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन की प्रविष्टि और मूल्यांकन प्रक्रिया, अचल संपत्ति विवरण प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। कार्यालयीन प्रक्रियाओं को डिजिटल, पारदर्शी, त्वरित और पेपर मुक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















Leave a Reply