Advertisement

सोनभद्र -अर्ध विक्षिप्त हाल में मिला मृत का शव

अर्ध विक्षिप्त हाल में मिला मृत का शव

 

नशे के कारोबार पर फिर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

 

मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय क्षेत्राधिकारी सदर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम बनाई, जल्द हत्या के अनावरण का दिलाया भरोसा

 

सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

सोनभद्र,( रामगढ़ )। जनपद के पन्नुगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ बाजार में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मेन रोड पर शहजादा साहब इंटर कॉलेज के गेट के पास एक अर्धविक्षिप्त युवक का रक्तरंजित शव मिला। युवक की गला रेतकर नृशंस हत्या की गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

 

मृतक की पहचान मंगरू के रूप में हुई है, जो बीते लगभग दस वर्षों से रामगढ़ बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भिक्षाटन कर अपना जीवन यापन कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगरू मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर सड़क किनारे या दुकानों के सामने रात बिताया करता था।

 

सुबह टहलने निकले लोगों ने जब कॉलेज गेट के पास मंगरू का शव पड़ा देखा तो तत्काल स्थानीय राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पन्नुगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक के पास मौजूद कुछ सामान भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या के पीछे लूट या चोरी की मंशा की आशंका जताई जा रही है।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामगढ़ और आसपास के इलाकों में इस समय नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, विशेषकर हीरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री हो रही है। राहगीरों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि नशे के आदी तत्वों ने ही चोरी की नीयत से मंगरू की निर्मम हत्या की है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही नशे के नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर भी पहुंचे, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गई है जल्द ही मामले का सफ़ल अनावरण किया जाएगा।

 

इस घटना ने एक बार फिर पन्नुगंज थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन की मांग है कि प्रशासन नशे के अवैध धंधे पर सख्ती से कार्रवाई करे, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!