Advertisement

क्षेत्राधिकार की उलझन में फंसा न्याय, ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

क्षेत्राधिकार की उलझन में फंसा न्याय, ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

– शिवपुरी जिले के खनियांधाना और बामोरकलां थाना क्षेत्र के बीच सीमा विवाद और पुलिसिया कार्रवाई की देरी के चलते एक मृतक के परिजनों को भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम हनुमान खेड़ा के निवासी 35 वर्षीय सरमन केवट को कुछ लोग अपने साथ बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात तक जब सरमन घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तभी उन्हें साथ ले जाने वाले व्यक्तियों ने घर आकर सूचना दी कि सरमन का एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें कुछ चोटें आई हैं।
​जब परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मृतक सरमन केवट के सिर और पैरों पर ट्रैक्टर के टायर के स्पष्ट निशान थे और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसे साधारण दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए सीधे हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में कानूनी पेच तब फंस गया जब घटना बामोरकला थाना क्षेत्र की सीमा में हुई, जबकि मृतक सरमन खनियांधाना थाना क्षेत्र के हनुमान खेड़ा के निवासी थे। परिजन घटनास्थल से मृतक के शव को सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पोस्टमार्टम के लिए खनियाधाना लेकर पहुंचे।


​परिजनों का आरोप है कि उचित कार्रवाई और FIR दर्ज करने में तत्परता नहीं बरती गई। थानों के बीच क्षेत्राधिकार की उलझन और कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने खनियाधाना थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर परिजनों के विलाप और हंगामे के चलते आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। काफी देर बाद प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए और शव को लेकर पुनः बामोरकलां थाना रवाना हुए ताकि आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!