गणेश वार्ड में शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने मैदान में उतरे पार्षद प्रदीप कामदार का घर-घर सर्वे
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – नागरिकों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गणेश वार्ड के पार्षद श्री प्रदीप कामदार द्वारा वार्ड क्षेत्र में घर-घर जाकर नल से आ रहे पानी की स्थिति का निरीक्षण एवं सर्वे किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक घर में जाकर यह जानकारी ली कि नलों में पानी की आपूर्ति नियमित है या नहीं तथा पानी की गुणवत्ता कैसी है।
पार्षद प्रदीप कामदार ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि यदि कहीं भी पानी गंदा, बदबूदार या कम दबाव में आ रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत नगर पालिका या वार्ड कार्यालय को दें, ताकि संबंधित विभाग द्वारा तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ जल नागरिकों का अधिकार है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सर्वे के दौरान कुछ स्थानों पर नागरिकों ने पानी की गुणवत्ता को लेकर अपनी चिंताएं भी रखीं, जिस पर पार्षद द्वारा संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने एवं शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जल टंकी की नियमित सफाई, पाइपलाइन की जांच तथा लीकेज सुधार जैसे कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
वार्डवासियों ने पार्षद द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का इस प्रकार सीधे जनता के बीच आकर समस्याएं जानना सराहनीय कदम है। पार्षद प्रदीप कामदार ने अंत में सभी नागरिकों से अपील की कि स्वच्छ जल अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आते ही तुरंत सूचना दें, ताकि गणेश वार्ड में हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित किया जा सके।

















Leave a Reply