टीकमगढ़ दिगौड़ा पुलिस द्वारा अंधे हत्याकांड का त्वरित खुलासा

तम्बाकू विवाद बना हत्या की वजह, आरोपी पुलिस गिरफ्त में
टीकमगढ़ म प्र से कविन्द पटैरिया पत्रकार
थाना दिगौड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम मझगुवा स्थित टेड़ा हार खेत में फसल की रखवाली कर रहे भगवानदास साहू (उम्र 58 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना दिगौड़ा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई।
प्रारंभिक पुलिस कार्यवाही
घटनास्थल पर थाना दिगौड़ा पुलिस टीम, वरिष्ठ अधिकारीगण, एफएसएल अधिकारी, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वाड उपस्थित हुए। मृतक के पुत्र मुकेश साहू की रिपोर्ट पर घटनास्थल पर ही देहाती नालिशी लेखबद्ध की गई। तत्पश्चात थाना दिगौड़ा में अपराध क्रमांक 11/26, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे एवं आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी हेतु एएसपी श्री विक्रम सिंह कुशवाहा,एसडीओपी जतारा श्री अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी दिगौड़ा निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में 04 विशेष पुलिस टीमों का गठन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।
विवेचना एवं तथ्य संकलन
गठित पुलिस टीमों द्वारा तत्परता एवं सूक्ष्मता से विवेचना की गई। विवेचना के दौरान फरियादी, प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों एवं अन्य विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर साहिब सिंह परमार पर संदेह स्थापित हुआ। जांच में यह तथ्य सामने आया कि तम्बाकू मांगने को लेकर आरोपी एवं मृतक के मध्य विवाद हुआ था।
घटना का कारण एवं अपराध का तरीका
विवाद के दौरान आरोपी साहिब सिंह परमार द्वारा हत्या की नीयत से कुल्हाड़ी से मृतक भगवानदास साहू के सिर पर प्राणघातक वार किया गया, जिससे मृतक की मौके पर ही मृत्यु होना पाया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी
आरोपी की पतारसी हेतु थाना प्रभारी दिगौड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा ग्राम मझगुवा एवं संभावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दी गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर मझगुवा तालाब के पास घेराबंदी कर आरोपी साहिब सिंह परमार को गिरफ्तार किया गया।
जप्ती कार्यवाही
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाजर्र कुल्हाड़ी जप्त कर विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रकरण में विवेचना की कार्यवाही नियमानुसार जारी है।
सराहनीय भूमिका
उक्त सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी दिगौड़ा निरीक्षक मनीष मिश्रा, उप निरीक्षक कल्याण सिंह, प्रधान आरक्षक विजय घोष, राकेश घोष, आनंद सुडेले, अनिल रिछारिया, अभय वर्मा तथा आरक्षक अंकित साहू, जगभान रजक, राघवेन्द्र लोधी एवं नीलू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















Leave a Reply