Advertisement

वरिष्ठ नागरिक को मिला न्याय, एसडीएम सौंसर की निष्पक्ष कार्यवाही पर आवेदिका ने व्यक्त किया आभार

वरिष्ठ नागरिक को मिला न्याय, एसडीएम सौंसर की निष्पक्ष कार्यवाही पर आवेदिका ने व्यक्त किया आभार

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – लक्ष्मीबाई पति चैतराम घायवट, उम्र लगभग 73 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05 सौंसर, तहसील सौंसर, जिला पांढुर्णा (म.प्र.) द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सौंसर श्री सिद्धार्थ पटेल को एक धन्यवाद पत्र प्रेषित किया गया है।

धन्यवाद पत्र में उल्लेख किया गया है कि आवेदिका लक्ष्मीबाई द्वारा अपने स्वअर्जित निजी मकान का कब्जा प्राप्त करने के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के अंतर्गत अनावेदकगण के विरुद्ध न्यायालय, एसडीएम सौंसर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रकरण का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए यह पाया गया कि अनावेदकगण आवेदिका के स्वअर्जित मकान में विधि विरुद्ध तरीके से निवास कर रहे थे तथा आवेदिका के साथ क्रूरतापूर्वक व्यवहार करते हुए मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके कारण आवेदिका को किराये के मकान में रहने के लिए विवश होना पड़ा।

प्रकरण में आवेदिका एवं अनावेदकगण के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी सौंसर द्वारा दिनांक 22.10.2025 को आवेदिका के पक्ष में आदेश पारित किया गया। आदेश के पश्चात अनावेदकगण के विरुद्ध बेदखली की कार्यवाही के निर्देश दिए गए, जिसके अंतर्गत तहसीलदार द्वारा कार्यवाही कर आवेदिका को उसके स्वअर्जित मकान का विधिवत कब्जा दिलाया गया।

धन्यवाद पत्र में आवेदिका ने उल्लेख किया है कि अनुविभागीय अधिकारी श्री सिद्धार्थ पटेल द्वारा निष्पक्ष एवं संवेदनशील कार्यवाही कर उन्हें न्याय दिलाया गया, जिसके लिए वह हृदय से आभारी हैं। आवेदिका ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी वरिष्ठजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए इसी प्रकार निष्पक्ष रूप से कार्य करते हुए न्याय प्रदान किया जाता रहेगा ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!