सौसर विधायक विजय चौरे का पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप, कहा– “वर्दी की इज़्ज़त कीजिए, भाजपा के इशारों पर हो रही कार्रवाई बर्दाश्त नहीं”
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – सौसर विधायक श्री विजय चौरे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पांढुर्णा–सौसर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो संदेश में विधायक चौरे ने पुलिस अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपनी वर्दी की गरिमा बनाए रखें और निष्पक्षता से कार्य करें। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें बेवजह परेशान कर रहा है।
विधायक विजय चौरे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बिना ठोस आधार के झूठे मुकदमे कायम किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। उन्होंने इसे सत्ता के दबाव में की जा रही कार्रवाई बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्यप्रणाली से लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े होते हैं।
अपने वीडियो संदेश में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विषय पर खामोश नहीं रहेगी। यदि पुलिस प्रशासन ने इस प्रकार की कार्रवाई बंद नहीं की तो पार्टी इसे गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों तक शिकायत करेगी। विधायक चौरे ने स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक (SP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP), कलेक्टर, डीआईजी (DIG) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि यदि इसके बाद भी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगाए जाते रहे तो पार्टी को मजबूरन न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
विधायक विजय चौरे के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जहां आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं इस वीडियो को लेकर क्षेत्र की राजनीति और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।

















Leave a Reply