Advertisement

विशाल जामसांवली पदयात्रा समिति के तत्वावधान में आज होगा “विशाल सनातन गर्जना”

विशाल जामसांवली पदयात्रा समिति के तत्वावधान में आज होगा “विशाल सनातन गर्जना”

महाराष्ट्र के प्रख्यात वक्ता मा. सोपान महाराज कनेरकर देंगे ओजस्वी उद्बोधन

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – जिले की प्रतिष्ठित धार्मिक-सामाजिक संस्था विशाल जामसांवली पदयात्रा समिति द्वारा पदयात्रा के 16वें वर्ष के उपलक्ष्य में नगर के सरगम टॉकीज परिसर में आज 24 दिसंबर, मंगलवार शाम 5 बजे से “विशाल सनातन गर्जना” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध, प्रखर एवं ओजस्वी वक्ता मा. सोपान महाराज कनेरकर सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरा पर प्रेरणादायी उद्बोधन देंगे।
समिति द्वारा बताया गया कि पांढुरना नगर से प्रतिवर्ष वर्ष के अंतिम शनिवार को लगभग 38 किलोमीटर दूर स्थित चमत्कारी श्री हनुमान मंदिर, जामसांवली तक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। इसी पदयात्रा की श्रृंखला में सनातन गर्जना जैसे वैचारिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को शामिल किया गया है।
समिति के सदस्य मनोज गुडधे ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में क्षेत्र में धर्म परिवर्तन जैसे षड्यंत्रों, युवाओं में बढ़ते नशे और पश्चिमी सभ्यता के अंधानुकरण को देखते हुए सनातन धर्म के प्रति जनजागरण अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज विशेषकर युवा वर्ग को अपने धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा के लिए बलिदान देने वाले योद्धाओं के इतिहास से अवगत कराया जा सके।


आयोजन को लेकर समिति द्वारा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। साथ ही समिति के सदस्यों द्वारा नगर के गणमान्य नागरिकों के घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, जलपान, महिला-पुरुषों के लिए पृथक बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है।
आयोजन से पूर्व होगा विशाल हनुमान चालीसा पाठ
विशाल सनातन गर्जना से पूर्व विशाल हनुमान चालीसा पाठ यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। पांढुरना नगर को धार्मिक नगरी के रूप में जाना जाता है, जहां लगभग 128 हनुमान मंदिर विद्यमान हैं और नगरवासियों की हनुमान जी के प्रति गहरी आस्था है।
विशाल जामसांवली पदयात्रा समिति द्वारा वर्ष 2014 से प्रत्येक शनिवार को नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इस क्रम में अब तक 407 सप्ताह पूर्ण हो चुके हैं और दो करोड़ 40 हजार से अधिक हनुमान चालीसा पाठ का वाचन संपन्न हो चुका है।


आज 24 दिसंबर को हनुमान चालीसा पाठ यज्ञ का वार्षिक उत्सव शाम 5 बजे सरगम टॉकीज परिसर में आयोजित होगा। पाठ के तुरंत पश्चात महाराष्ट्र के प्रसिद्ध वक्ता मा. सोपान महाराज कनेरकर का ओजस्वी उद्बोधन प्रारंभ होगा।
समिति द्वारा समस्त सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!