Advertisement

विद्युत परिवार की कुमारी देवयानी शेंडे ने राष्ट्रीय हिमालया ओलंपियाड योगा प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

विद्युत परिवार की कुमारी देवयानी शेंडे ने राष्ट्रीय हिमालया ओलंपियाड योगा प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) के पांढुर्णा 220 केवी सबस्टेशन में पदस्थ सहायक अभियंता श्री संजय शेंडे की सुपुत्री कुमारी देवयानी शेंडे ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्युत परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय हिमालया ओलंपियाड योगा प्रतियोगिता में पांढुर्णा की स्कूली टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए छठवीं कक्षा की छात्रा देवयानी ने कठिन योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अपने अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर प्रदेश एवं जिले की टीम को तीसरा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रामशांति विद्या मंदिर, पांढुर्णा की छात्रा देवयानी का बचपन से ही योग के प्रति विशेष झुकाव रहा है। इससे पूर्व वह प्रदेश स्तर की विभिन्न विद्यालयीन योग प्रतियोगिताओं में भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सफलता उनकी प्रतिभा और कठिन परिश्रम का प्रतिफल है। बेंगलुरु से कांस्य पदक जीतकर लौटने पर पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर छात्रा एवं अन्य विजेता खिलाड़ियों का माता-पिता, परिजनों और नगरवासियों द्वारा ढोल-बाजे, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूरे नगर में हर्ष और गर्व का वातावरण देखने को मिला।


उल्लेखनीय है कि 12 से 14 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित हिमालया ओलंपियाड योगा नेशनल प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देवयानी शेंडे की उपलब्धि ने न केवल एम.पी. ट्रांसको बल्कि मध्यप्रदेश को भी राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
एम पी ट्रांसको प्रबंध संचालक ने दी बधाई—
कुमारी देवयानी की राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि देवयानी की यह सफलता न केवल विद्युत परिवार बल्कि सम्पूर्ण एमपी ट्रांसको के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी देवयानी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!