मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया सौंसर में शिवाजी प्रतिमा पर माल्यार्पण, खेल महोत्सव का किया शुभारंभ
बोरगांव सेवा सहकारी समिति का औचक निरीक्षण
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग आज एक दिवसीय प्रवास पर पांढुर्णा जिले पहुंचे। प्रवास के दौरान उन्होंने सौंसर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात मंत्री श्री सारंग ने सौंसर स्थित छत्रपति शिवाजी पब्लिक स्कूल एवं आईटीआई कॉलेज परिसर में आयोजित खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं, जो जीवन में सफलता का आधार बनते हैं।
मंत्री श्री सारंग के पांढुर्णा प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन उत्साहपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

इसी क्रम में मंत्री श्री सारंग ने बोरगांव स्थित सेवा सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति के कार्यों, व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पारदर्शिता और किसानों के हित में कार्य करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनके सशक्त संचालन से किसानों एवं ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलता है।
यह दौरा जिले में खेल, युवा कल्याण और सहकारिता क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















Leave a Reply