प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की दो वर्षों की उपलब्धियाँ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

*प्रदेश के साथ-साथ पांढुर्णा जिले की विकास यात्रा पर डाला प्रकाश
पांढुरना – राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश एवं पांढुर्णा जिले में हुए विकास, निवेश तथा कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा करने के उद्देश्य से आज नगरपालिका सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता प्रदेश के ऊर्जा विभाग एवं पांढुर्णा जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने की।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा श्री अजय धवले, भाजपा जिला अध्यक्ष पांढुर्णा श्री संदीप मोहोड, कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सम्माननीय पत्रकारगण उपस्थित रहे।
प्रदेश ने निवेश, अधोसंरचना और कल्याण के क्षेत्र में की उल्लेखनीय प्रगति

प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने निवेश आकर्षित करने, अधोसंरचना विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि निवेश लाने के प्रयासों में मध्यप्रदेश पूरे देश में तीसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई विदेश यात्राओं से प्रदेश में निवेश को निरंतर बढ़ावा मिला है।
उन्होंने बताया कि सरकार गरीब कल्याण की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचा रही है। महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत दी जाने वाली वित्तीय सहायता को 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। इसके साथ ही सड़क, भवन एवं अन्य अधोसंरचनात्मक क्षेत्रों में निरंतर सुधार हुआ है तथा प्रदेश अब नक्सल मुक्त बन चुका है। सरकार विरासत और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है।

पांढुर्णा जिले में विकास योजनाओं का दिख रहा सकारात्मक असर
पांढुर्णा जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कल्याण, राजस्व, किसान कल्याण, शिक्षा एवं पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे जिले की समग्र विकास दर में निरंतर वृद्धि हो रही है।
उन्होंने बताया कि पांढुर्णा जिला विगत दो वर्षों में राजस्व महाभियान 1.0 एवं 2.0 के सफल क्रियान्वयन में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत 203 ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूर्ण कर ग्रामीणों को उनके अधिकारों से संबंधित अभिलेख वितरित किए गए हैं।
किसानों, जल आपूर्ति और सिंचाई में उल्लेखनीय सुधार

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के किसानों को लगभग 61.49 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 53.25 करोड़ रुपये की राशि का सीधा लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त कपास की खेती में HDPS तकनीक अपनाने से उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
जिले के 125 ग्रामों में एकल नल-जल योजना पूर्ण हो चुकी है। मार्च 2023 में जहां 66.67 प्रतिशत परिवारों के पास नल कनेक्शन थे, वह बढ़कर अब 94.65 प्रतिशत (58,466 परिवार) तक पहुँच गया है। वहीं सिंचाई के क्षेत्र में विगत दो वर्षों में रबी सिंचाई क्षेत्र में 3,285 हेक्टेयर की वृद्धि हुई है।
स्वच्छता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण में नई उपलब्धियाँ
जिले की एक अभिनव स्वच्छता पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। इसके अंतर्गत ‘स्वच्छता साथियों’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत एवं व्यक्तिगत शौचालयों की आधुनिक सफाई की जा रही है, जिसकी सराहना स्वयं माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा की गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम में 18 प्रतिशत तथा 12वीं में 25 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही 34.42 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनी विद्यालय पांढुर्णा एवं 35.11 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनी विद्यालय सौंसर का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में जिले की 74,326 बहनों को लाभान्वित किया गया है। वहीं लखपति दीदी अभियान के तहत 314 स्व-सहायता समूहों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है।
ऊर्जा व्यवस्था और रोजगार सृजन को मिली मजबूती
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 220 के.व्ही. उपकेंद्र की क्षमता 160 MVA से बढ़ाकर 200 MVA की गई है। इसके साथ ही अटल कृषि ज्योति योजना एवं अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं को करोड़ों रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।
रोजगार के क्षेत्र में अगस्त 2024 से नवंबर 2025 तक कुल 16 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से 566 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा कि पांढुर्णा जिले में सभी योजनाओं के माध्यम से विकास की गति निरंतर बनी हुई है और आने वाले वर्षों में यह और अधिक तेज होगी। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकार साथियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।

















Leave a Reply