Advertisement

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न,
प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – ऊर्जा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर, की अध्यक्षता एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रभारी मंत्री श्री तोमर द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं निर्देश
विकासखण्ड पांढुर्णा एवं विकासखण्ड सौंसर की जनसंख्या संबंधी डाटा को मतदाता सूची के प्रकाशन उपरांत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय से समन्वय स्थापित कर सुधार किए जाने के निर्देश दिए गए।

प्रतिदिन आने वाले मरीजों हेतु दी जाने वाली ओपीडी पर्ची को रोगी कल्याण समिति में प्रस्ताव पारित कर ऑनलाइन पर्ची बनवाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

सिविल अस्पताल पांढुर्णा एवं सिविल अस्पताल सौंसर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सफाई मशीन की मांग के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

डायलिसिस सुविधा सुदृढ़ करने के लिए डायलिसिस मशीन हेतु पूर्ण सेटअप तैयार करने तथा टेक्नीशियन एवं अन्य आवश्यक स्टाफ की मांग हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।

सिविल अस्पताल पांढुर्णा एवं सिविल अस्पताल सौंसर में ब्लड बैंक यूनिट की स्थापना के लिए लैब टेक्नीशियन एवं पैथोलॉजिस्ट की सुनिश्चितता हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

आरबीएसके के अंतर्गत जिन बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हित किया जा रहा है, उन्हें निःशुल्क आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी से फंड उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे गरीब बच्चों का समय पर उपचार एवं सर्जरी सुनिश्चित की जा सके।

विकासखण्ड सौंसर में वर्ष 2017 में निर्मित नर्सिंग छात्रावास को 15 दिवस के भीतर हैंडओवर लिए जाने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश बीएमओ सौंसर को दिए गए।

बैठक में उपस्थित अधिकारीगण

आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेश गोन्नाडे, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अलका इक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, डीएचओ डॉ. अर्चना कैथवास, डॉ. छाया चौहान (स्त्रीरोग विशेषज्ञ), डॉ. पुष्पारानी सिंह (जिला टीकाकरण अधिकारी), डॉ. मोनिका बिसेन (जिला परियोजना अधिकारी), डॉ. दीपेन्द्र सलामे (मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी, पांढुर्णा), डॉ. योगेश शुक्ला (खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल सौंसर), डॉ. मिलिन्द गजभिये (शिशुरोग विशेषज्ञ), डॉ. हेमराज बोकडे (एनेस्थेसिया विशेषज्ञ), श्री शैलेन्द्र सोमकुंवर (जिला कार्यक्रम अधिकारी), श्री मनोज राय (जिला कम्युनिटी मोबिलाइज़र), आरबीएसके चिकित्सा अधिकारी, बीईई, बीपीएम, बीसीएम सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल किए जाने पर विशेष जोर दिया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!