पांढुर्णा भाजपा जिला कार्यालय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 पर कार्यशाला आयोजित
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा – आज पांढुर्णा भाजपा जिला कार्यालय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2025 को लेकर पांढुर्णा विधानसभा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं जिला पांढुर्णा के प्रभारी मंत्री आदरणीय श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया।
कार्यशाला के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं अपात्र प्रविष्टियों को हटाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम टेलर जी ने युवाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि सभी कार्यकर्ता मिलकर मतदाता जागरूकता बढ़ाने, सही जानकारी के प्रसार और अधिकतम मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य एक मजबूत, पारदर्शी और समावेशी लोकतंत्र की नींव को और सशक्त बनाना रहा।


















Leave a Reply