Advertisement

पांढुर्णा में नवगठित जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक सम्पन्न,प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई पहली सलाहकार समिति की बैठक

पांढुर्णा में नवगठित जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक सम्पन्न,प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई पहली सलाहकार समिति की बैठक

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – जिले की समृद्धि एवं समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश के ऊर्जा विभाग मंत्री एवं पांढुर्णा जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में नवगठित जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक ली।
बैठक की शुरुआत पांढुर्णा जिले के जैविक उत्पादों के शुभारंभ/प्रस्तुतीकरण के साथ की गई, जिससे जिले में जैविक खेती एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया गया। इसके पश्चात बैठक का विधिवत शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
बैठक में विधायक पांढुर्णा श्री नीलेश उइके,विधायक सौंसर श्री विजय चौरे,अध्यक्ष जिला पंचायत श्री संजय पुन्हार,श्री संदीप घाटोड़े नगर पालिका अध्यक्ष,कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री सुन्दर सिंह कनेश, जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री, वनमंडलाधिकारी श्री सचिन एच. नडगडी सहित सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है।

जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास का रोडमैप होगा तैयार
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने कहा कि जिला विकास सलाहकार समिति का गठन जनआकांक्षाओं के अनुरूप जिले के विकास को नई दिशा देने, शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले की जनता, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर जिले के दीर्घकालीन विकास की योजनाएं तैयार की जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति के सदस्यों के सुझावों के अनुरूप जिले की स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा तथा स्थानीय नवाचारों को योजनाओं के रूप में मूर्त रूप देने के प्रयास किए जाएंगे।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा साझा की गई पांढुर्णा जिले की दो वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां

राजस्व विभाग में कीर्तिमान
कलेक्टर महोदय ने जानकारी दी कि पांढुर्णा जिला विगत दो वर्षों में राजस्व महाभियान 1.0 एवं 2.0 के सफल क्रियान्वयन में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत 203 ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूर्ण कर ग्रामीणों को उनके अधिकारों से संबंधित अभिलेख वितरित किए गए हैं।

हनुमान लोक का भव्य निर्माण
जाम सावली में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा ‘श्री हनुमान लोक’ परियोजना का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना में 500 मीटर लंबा चिरंजीवी पथ, मराठवाड़ा शैली का भव्य प्रवेश द्वार तथा 154 दुकानें निर्मित की गई हैं, जो जिले को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगी।

किसानों की समृद्धि
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले के किसानों को लगभग 61.49 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 53.25 करोड़ रुपये की राशि का सीधा लाभ प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कपास की खेती में HDPS तकनीक अपनाने से उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

स्वच्छता नवाचार – ‘वॉश ऑन व्हील्स (WOW)’
जिले की यह अभिनव पहल राष्ट्रीय स्तर पर सराही गई है। इसके अंतर्गत ‘स्वच्छता साथियों’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत एवं व्यक्तिगत शौचालयों की आधुनिक सफाई की जा रही है। इस मॉडल की सराहना स्वयं माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा की गई है

जल जीवन मिशन एवं सिंचाई क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति
जिले के 125 ग्रामों में एकल नल-जल योजना पूर्ण हो चुकी है। मार्च 2023 में जहां 66.67 प्रतिशत परिवारों के पास नल कनेक्शन थे, वह बढ़कर अब 94.65 प्रतिशत (58,466 परिवार) तक पहुंच गया है। वहीं सिंचाई के क्षेत्र में विगत दो वर्षों में रबी सिंचाई क्षेत्र में 3,285 हेक्टेयर की वृद्धि हुई है।

शिक्षा एवं अधोसंरचना में सुधार
कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम में 18 प्रतिशत तथा 12वीं में 25 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही 34.42 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनी विद्यालय पांढुर्णा एवं 35.11 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनी विद्यालय सौंसर का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल
लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में जिले की 74,326 बहनों को लाभान्वित किया गया है। इसके साथ ही लखपति दीदी अभियान के तहत 314 स्व-सहायता समूहों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है।

ऊर्जा क्षेत्र में सुदृढ़ व्यवस्था
बिजली व्यवस्था को मजबूत करने हेतु 220 के.व्ही. उपकेंद्र की क्षमता 160 MVA से बढ़ाकर 200 MVA की गई है। साथ ही अटल कृषि ज्योति योजना एवं अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं को करोड़ों रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।
रोजगार के अवसरों में वृद्धि
अगस्त 2024 से नवंबर 2025 तक कुल 16 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से 566 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों के सुझावों को मिलेगा धरातली रूप
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के विकास हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को जिले की समृद्धि के रोडमैप में शामिल कर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

बैठक में रोजगार सृजन, विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य, उद्योग, व्यापार, जल संरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, कृषि, खनिज, पर्यावरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला विकास सलाहकार समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि सभी हितधारकों के सुझावों को समाहित कर पांढुर्णा जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सके।
इस प्रकार जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक के माध्यम से पांढुर्णा जिले के सर्वांगीण विकास हेतु एक सशक्त, समावेशी एवं दूरदर्शी रोडमैप तैयार करने की दिशा में ठोस पहल की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!