जल जीवन मिशन से बदली तस्वीर – मोरघाट की सफलता की कहानी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा – जल जीवन मिशन के अंतर्गत पांढुर्णा जिले के विकासखण्ड पांढुर्णा की ग्राम पंचायत लोनादेही अंतर्गत ग्राम मोरघाट ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए स्वयं को “हर घर जल” प्रमाणित ग्राम के रूप में स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल पेयजल सुविधा की उपलब्धता का प्रमाण है, बल्कि गांव के सामाजिक और आर्थिक जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को भी दर्शाती है।
ग्राम मोरघाट में प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इससे विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को पानी लाने की कठिनाई से मुक्ति मिली है, वहीं समय की बचत होने से वे शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े कार्यों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा पा रही हैं।
जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायत, जल समिति, स्थानीय नागरिकों तथा प्रशासनिक अमले की सक्रिय सहभागिता रही। योजना निर्माण से लेकर क्रियान्वयन और निगरानी तक ग्रामीणों की भागीदारी ने इसे एक सामुदायिक आंदोलन का स्वरूप दिया, जिससे योजना की पारदर्शिता और स्थायित्व सुनिश्चित हुआ।
गांव में जल की गुणवत्ता की नियमित जांच, जल संरक्षण को लेकर जागरूकता और रख-रखाव की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर तय किए जाने से यह व्यवस्था लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहेगी। इससे जलजनित बीमारियों में कमी आने के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य स्तर में भी सुधार देखने को मिला है।
प्रशासन का मानना है कि मोरघाट की यह सफलता अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत है। सही योजना, समयबद्ध कार्य और जनसहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से बड़ा बदलाव संभव है।
जल जीवन मिशन के माध्यम से मोरघाट आज आत्मनिर्भर, सशक्त और स्वस्थ ग्रामीण भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बनकर उभरा है।


















Leave a Reply