कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक,जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के स्पष्ट निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा – कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा में समय-सीमा (TL) पत्रों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा जिले के विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं जनसमस्याओं का गहन परीक्षण किया गया। समीक्षा में विकास कार्यों, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि संबंधी प्रकरणों तथा जन शिकायतों के निराकरण की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विकास परियोजनाओं पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ की निगरानी
समीक्षा में शिक्षा एवं अधोसंरचना के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा–पांढुर्णा के सौंसर में नवीन केन्द्रीय विद्यालय प्रारंभ करने के सम्बन्ध में अनुविभागीय अधिकारी को पत्र प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही 15वें वित्त आयोग के तहत नवीन फायर स्टेशन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रगतिरत है। इस संबंध में कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा मुख्य नगरीय प्रशासन एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पांढुर्णा मोक्षधाम से नीलकंठ धावडीखापा रोड तथा बानाबाकोडा बायपास के लिए प्रथम स्तरीय प्राक्कलन तैयार कर उच्च कार्यालय को स्वीकृति हेतु भेजे जाने की जानकारी भी समीक्षा में प्रस्तुत की गई।

स्मार्ट ग्राम और डिजिटल सेवाएं
ग्राम पंचायत रामाकोना को ‘अटल सेवा केंद्र’ योजना के अंतर्गत डिजिटल इंडिया मिशन से जोड़े जाने से ग्रामीणों को डिजिटल बिल भुगतान एवं ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिसकी प्रगति पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया।
जन शिकायतों के निराकरण पर सख्ती
खनिज एवं पर्यावरण से संबंधित हिवरासेनाडवार क्षेत्र में क्रेशर मशीन द्वारा ब्लास्टिंग की शिकायत पर खनिज अधिकारी द्वारा की गई जांच की जानकारी दी गई। जांच में खदान आबादी से 3 किमी दूर पाई गई तथा पट्टाधारी को शाम के समय ही ब्लास्टिंग करने के निर्देश दिए गए ताकि फसलों एवं कुओं को नुकसान न हो। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत खनिज विभाग की खदान/क्रेशर संबंधी लंबित शिकायतों का निराकरण कल शाम 4 बजे तक सुनिश्चित करने की समय-सीमा निर्धारित की।
तहसीलदार पांढुर्णा द्वारा ग्राम राजना में खेत सिंचाई विवाद के निराकरण तथा अनावेदक द्वारा भविष्य में शांति भंग न करने हेतु 1,00,000/- रुपये का बंधपत्र निष्पादित किए जाने की जानकारी भी समीक्षा में दी गई।
स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाएं
ग्राम मारूड में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी एवं बिजली व्यवस्था हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री को निर्देशित किया गया है।
लाडली बहना योजना के अंतर्गत ग्राम तितगांव में तकनीकी त्रुटि एवं आईडी मिसमैच के कारण लाभ रुकने का प्रकरण सामने आया, जिसमें जांच में यह तथ्य सामने आया कि हितग्राही को गलती से वृद्धावस्था पेंशन का पात्र दर्ज कर दिया गया था।
बजट एवं कल्याणकारी योजनाएं
ग्राम पंचायत गांगतवाडा एवं सावंगी में सीसी रोड, नाली निर्माण एवं रिटर्निंग वॉल की मांग पर वर्तमान बजट की कमी के चलते सांसद/विधायक निधि से स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया गया।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अंतर्जातीय विवाह सहायता योजना अंतर्गत आवेदक साहिल बारंगे का आवेदन जिला कार्यालय में जमा होने की जानकारी दी गई।
छात्रावासों को लेकर कलेक्टर श्री वशिष्ठ सख्त
छात्रावास निरीक्षण पर गए अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने छात्रावासों में पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले के सभी छात्रावास अधीक्षकों की बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर द्वारा छात्रावासों में पत्रिकाएं एवं किताबें उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
सुशासन सप्ताह के तहत प्राथमिकता
कलेक्टर कार्यालय ने सभी विभागों को ‘सुशासन सप्ताह’ के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ की सक्रियता और स्पष्ट निर्देशों से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

















Leave a Reply