पांढुरना जिले के बोरगांव का बेटा बना जिले की शान
IPL में मंगेश यादव का धमाकेदार प्रवेश, RCB ने 5.20 करोड़ में किया चयन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – पांढुर्णा अंचल के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। सौसर विधानसभा अंतर्गत ग्राम बोरगांव के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी मंगेश यादव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मंच पर जिले का नाम रोशन कर दिया है। आईपीएल ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने मंगेश यादव को 5 करोड़ 20 लाख रुपये की बड़ी राशि में अपनी टीम में शामिल किया।
यह उपलब्धि न केवल मंगेश यादव के लिए, बल्कि पूरे छिंदवाड़ा-पांढुर्णा जिले और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
*संघर्ष से सफलता तक का सफर*
इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान, छिंदवाड़ा से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले मंगेश यादव का सफर संघर्षों से भरा रहा है। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। मंगेश के पिता पेशे से ट्रक चालक हैं, लेकिन बेटे के सपनों को उन्होंने हमेशा समर्थन दिया।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के इस मंच तक पहुंचना मंगेश की कड़ी मेहनत, अनुशासन और जुनून का परिणाम है।
*खेल प्रतिभा ने खींचा फ्रेंचाइजी का ध्यान*
घरेलू क्रिकेट और स्थानीय टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन के कारण मंगेश यादव की गेंदबाजी और फिटनेस पर चयनकर्ताओं की नज़र पड़ी। उनकी निरंतरता और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता ने आईपीएल फ्रेंचाइजी को प्रभावित किया, जिसके चलते नीलामी में उनके लिए जोरदार बोली लगी।
RCB द्वारा किया गया यह निवेश मंगेश की प्रतिभा और भविष्य की संभावनाओं पर भरोसे का प्रमाण है।
*गांव और जिले में जश्न का माहौल*
मंगेश के आईपीएल चयन की खबर जैसे ही बोरगांव गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। सोशल मीडिया पर भी मंगेश यादव को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
*युवाओं के लिए प्रेरणा*
मंगेश यादव की सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे गांवों से बड़े सपने देखते हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि प्रतिभा और मेहनत के आगे परिस्थितियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।
*बधाई और शुभकामनाएं*
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मंगेश यादव, उनके माता-पिता, कोच, जिला क्रिकेट संघ एवं सभी शुभचिंतकों को हार्दिक बधाई।
ईश्वर से प्रार्थना है कि मंगेश यादव आने वाले समय में और ऊंचाइयों को छुएं तथा देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन करें।

















Leave a Reply